बागेश्वर महाराज का राम मंदिर दान चोरी पर बड़ा बयान; कहा- सीता को चुराने वाले रावण का वंश नाश हुआ, यह पक्का है भगवान महादंड देगा
Dhirendra Shastri Bold Statement Over Ayodhya Ram Mandir Daan Chori Case
Dhirendra Shastri on Ram Mandir: अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों की चोरी सामने आने पर पूरा देश हैरान हैं. मंदिर प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों ने ही बड़ा घोटाला कर डाला. फिलहाल इस पूरे मामले में योगी सरकार की कड़ी कार्रवाई जारी है. वहीं इस बीच दान चोरी को लेकर अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान सामने आया है. दान चोरी पर धीरेंद्र शास्त्री काफी नाराज नजर आये हैं.
उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि जैसे माता सीता की चोरी करने वाले रावण का वंश नाश हुआ था, अब राम मंदिर में लाखों लोगों के दान और करोड़ों लोगों के विश्वास की चोरी करने वालों को भगवान महादंड देगा और यह पक्का है. धीरेंद्र शास्त्री ने यहां यह भी कहा कि उनके कहने से जिसे बुरा-भला लगता है लगे, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. क्योंकि सच तो सच है. उन्होंने कहा कि जांच चल रही है, अभी और लोग भी इस मामले में पकड़े जाएंगे.
धीरेंद्र शास्त्री बोले- आज के दौर में भी रावण हैं
दरअसल धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ''इस दुनिया में रावण आज भी हैं, बस रूप बदल गए हैं. उस रावण ने तो माता सीता की चोरी की थी पर आज के रावणों ने राम मंदिर के दान पात्र में चोरी कर लाखों लोगों की श्रद्धा चोरी की है. करोड़ों लोगों का भरोसा चोरी किया है. हालांकि FIR हो गई है. जांच चल रही है, अभी और लोग पकड़े जायेंगे. और यह पक्का है.''
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा, ''आज मैं कह रहा हूं की रावण ने माता जानकी की चोरी की थी तो परिणाम में रावण का वंश नाश हुआ था, अब राम मंदिर में लोगों के दिए दान में चोरी करने वालों को सरकारी दंड तो मिलेगा ही लेकिन भगवान का भी महादंड मिलेगा. यह पक्का है इसे कोई नहीं रोक सकता. मैं इतना ही कह सकता हूं, मेरा कहा जिसे बुरा-भला लगे तो लगे. सच तो सच है.''
बागेश्वर महाराज का वीडियो
राम मंदिर दान चोरी में अब तक 8 लोग गिरफ्तार
अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों के घपले के मामले में योगी सरकार सख्त रुख अपना रही है और SIT की शुरुवाती जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में अब तक 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर दान चोरी मामले में जिन आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें रमाकांत उर्फ टिन्नू यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, मनीष यादव, और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। बताया जाता है कि ये सभी राम मंदिर में दान और चढ़ावे की रकम की काउंटिंग और उसके मैनेजमेंट (हिसाब-किताब) से जुड़े हुए थे।
एक दिन मुझे बोल्ड आउट होना है, विरोधी पीछे लगे हैं... बागेश्वर सरकार ये क्या बोले रहे? VIDEO देखिए
23 जून को SIT ने ACS होम को जांच रिपोर्ट सौंपी
गौरतलब है कि 23 जून को राम मंदिर दान चोरी मामले की जांच के लिए गठित 3 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंप दी थी. एसआईटी द्वारा विभिन्न स्तरों पर अब तक की गई जांच की यह प्रारंभिक रिपोर्ट थी। एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई शुरू हुई और एफ़आईआर दर्ज कर नामजद 8 लोगों की गिरफ्तारी की गई. फिलहाल एसआईटी के यह अंतिम रिपोर्ट नहीं है और मामले की जांच अभी आगे भी जारी रहेगी। बता दें कि राम मंदिर में चोरी का मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील बना हुआ है।
कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे; बागेश्वर सरकार ने अब किसको दे डाली चेतावनी? जारी किया ये VIDEO
योगी ने कहा था- अपराधी कोई भी हो वो बचेगा नहीं
सीएम योगी ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाया हुआ है और खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों सीएम योगी ने अयोध्या में ही एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि SIT की जांच पर भरोसा रखिए। एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। उन्होंने यह भी साफ तौर से कहा था कि अगर कोई अपराधी है और वो कोई भी होगा तो वह बचेगा नहीं, यह सुनिश्चित है। योगी जिस वक्त ये बयान दे रहे थे, उस दौरान एसआईटी की टीम भी अयोध्या में मौजूद थी और दान के दस्तावेजों, बैंक जमा रिकॉर्ड और ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों से पूछताछ कर मौके पर जायजा ले रही थी।
राम मंदिर में कैसे हुआ चढ़ावा चोरी?
अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों के घपले को लेकर मामला काफी ज्यादा गरमाया हुआ है। आरोप है कि दान और चढ़ावे में आए करोड़ों रुपये मंदिर में लगे कुछ कर्मचारियों द्वारा ही हेरफेर कर गायब किए गए। इस मामले ने पूरे देश को सकते में ला दिया है। यह मामला सिर्फ मंदिर में दान चोरी का नहीं है बल्कि देश के लोगों की भावना, आस्था और श्रद्धा की भी चोरी है। प्रभु राम पर आस्था रखने वाले करोड़ों हिंदुओं पर आघात है। रिपोर्ट्स के अनुसार, राम मंदिर से चढ़ावे के करोड़ों रुपये गायब किए गए। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए सोने, चांदी और हीरे के असली आभूषणों को नकली वस्तुओं से बदल दिया गया।
आरोप- CCTV कैमरों में गड़बड़ी की गई
आरोप है कि दान के पैसों और आभूषणों की सुरक्षा में भारी सेंधमारी की गई। सुरक्षा के लिए जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। उनमें जानबूझकर गड़बड़ी की गई। सीसीटीवी कैमरों के साथ छेड़छाड़ की गई थी और पिछले कुछ महीनों के फुटेज डिलीट कर दिए गए थे ताकि चोरी पकड़ी न जा सके। फिलहाल कई मंदिर कर्मचारी SIT की रडार पर हैं और जांच की जा रही है। लेकिन इस पूरे मामले ने देश के करोड़ों हिंदुओं की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। सबसे बड़ा सवाल है कि कोई भगवान के घर पर चोरी कैसे कर सकता है?