फरीदाबाद में आईआईटी इंजीनियर गिरफ्तार, होटल में छाप रहा था 100 और 500 रुपये के नकली नोट
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
IIT Engineer Arrested in Faridabad
फरीदाबाद: फरीदाबाद क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक मल्टीनेशनल आईटी कंपनी में कार्यरत एक आईआईटी इंजीनियर को नकली नोट छापने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 रुपये के 10 और 500 रुपये का एक नकली नोट बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सूरजकुंड थाना क्षेत्र के एक होटल में कमरा किराए पर लेकर वहां लैपटॉप, प्रिंटर और विशेष प्रकार के कागज की मदद से नकली नोट छापने का इंतजाम कर रखा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरे से लैपटॉप, प्रिंटिंग मशीन, विशेष कागज तथा नकली नोट बरामद कर जब्त कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-17 निवासी नायक झा (25) के रूप में हुई है। वह आईआईटी बेंगलुरु से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और वर्तमान में नोएडा स्थित एक बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी में कार्यरत है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सूरजकुंड के एक होटल के कमरे में नकली नोट तैयार करने से संबंधित उपकरण रखे गए हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। उस समय आरोपी कमरे में मौजूद नहीं था, लेकिन तलाशी के दौरान एक लैपटॉप, प्रिंटर, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले विशेष कागज, 500 रुपये का एक नकली नोट और 100 रुपये के 10 नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि उसने अब तक कितने नकली नोट तैयार किए और इस रैकेट में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।