IAS Rajeev Verma Took Charge As Advisor UT Chandigarh

IAS राजीव वर्मा ने चंडीगढ़ एडवाइजर का पदभार संभाला; पुडुचेरी के चीफ सेक्रेटरी पद से यहां ट्रांसफर, मूल रूप से UP के रहने वाले

IAS Rajeev Verma Took Charge As Advisor UT Chandigarh

IAS Rajeev Verma Took Charge As Advisor UT Chandigarh

Rajeev Verma Chandigarh Advisor: IAS राजीव वर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ एडवाइजर का पदभार संभाल लिया है। इस दौरान विभिन्न पदों और विभागों के प्रशासनिक आलाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राजीव वर्मा से मुलाकात की। राजीव वर्मा के आने को लेकर सारी तैयारी अधिकारियों द्वारा पहले ही कर ली गई थी। हालांकि, 29 जनवरी को नियुक्ति हो जाने के बाद राजीव वर्मा के चंडीगढ़ पहुंचने और पद संभालने में काफी देरी रही। इसकी भी एक वजह यह रही कि, चंडीगढ़ प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने दो तीन रोज पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच राजनीतिक उथल पुथल की वजह से राजीव वर्मा भी पदभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे और वह दिल्ली में रहे। लेकिन अब बुधवार को उन्होंने पद संभाल लिया है और वह प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से मिलने भी पहुंचे हैं।

शहर और शहर में चल रहे कामों के बारे में जानकारी लेंगे

पदभार संभालने के बाद अब IAS राजीव वर्मा चंडीगढ़ शहर और शहर में चल रहे कामों के बारे में आलाधिकारियों से जानकारी लेंगे ताकि कामों को आगे की गति मिल सके। माना जा रहा है कि, कल वीरवार को ही राजीव वर्मा को शहर में चालू सभी प्रोजेक्टों की रूपरेखा बताई जाएगी। इस दौरान राजीव वर्मा खुद मौके पर पहुँचकर जायजा लेते हुए भी दिख सकते हैं।

3 महीने बाद एडवाइजर पद पर नई नियुक्ति

यहां बता दें कि चंडीगढ़ प्रशासक के एडवाइजर का पद 31 अक्टूबर के बाद से तबसे खाली था। जबसे पूर्व एडवाइजर धर्मपाल की रिटायरमेंट हुई। पूर्व एडवाइजर धर्मपाल के सेवानिवृत होने के बाद से इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी गृह सचिव नितिन कुमार यादव को दे दी गई थी। उन्होंने बतौर कार्यकारी एडवाइजर का काम किया। हालांकि केवल महत्वपूर्ण आदेशों को आगे बढ़ाने की दिशा में ही उन्होंने काम किया। किसी नये प्रोजेक्ट या नीतिगत फैसले को आगे नहीं बढ़ाया।

लेकिन अब उम्मीद जताई जा रही है कि राजीव वर्मा के आते ही चंडीगढ़ के विकास प्रोजेक्टों में तेजी आ सकती है। राजीव वर्मा एजीएमयूटी कैडर 1992 बैच के आईएएस अफसर हैं और वह इससे पहले पुडुचेरी के चीफ सेक्रेटरी पद पर नियुक्त थे। पुडुचेरी से पहले राजीव वर्मा दिल्ली, गोवा, अरुणाचल प्रदेश में सचिव रैंक पर काम कर चुके हैं। राजीव वर्मा मूल रूप से UP के रहने वाले हैं।

रिपोर्ट- साजन शर्मा