Gujarat Damages Due To Biporjoy: बिजली के खंभे गिरे, पेड़ उखड़ गए... गुजरात में तबाही के निशां छोड़ गया 'बिपरजॉय'

बिजली के खंभे गिरे, पेड़ उखड़ गए, कई पशुओं की मौत... गुजरात में तबाही के निशां छोड़ गया 'बिपरजॉय', घायल भी हुए हैं कई लोग

Gujarat Damages Due To Biporjoy

Gujarat Damages Due To Biporjoy Cyclone

Gujarat Damages Due To Biporjoy: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के कच्छ सहित कई हिस्सों में तबाही मचाई है। बिपरजॉय ने गुजरात के तट से टकराते ही जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज रफ्तारी हवाओं और भारी बारिश ने सैकड़ों पेड़ उखाड़ फेंके। बिजली के तमाम खंभे गिरा दिए। जिससे गुजरात में कई जगहों पर बिजली सप्लाई बंद हो गई। वहीं इस दौरान 24 पशुओं की मौत हो गई और करीब 23 लोग घायल हुए। गनीमत इतनी रही कि, कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। हालांकि, बताया जा रहा है कि बिपरजॉय की दस्तक से पहले दो लोगों की जान चली गई थी।

गुजरात तट को पार कर गया बिपरजॉय

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात 10:30-11:30 बजे के बीच चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात तट को पार कर पाकिस्तान तट की ओर बढ़ गया था। वैज्ञानिकों ने कहा कि, प्रचंड गंभीर बिपरजॉय अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। 16 जून की शाम तक यह चक्रवाती तूफान डिप्रेशन में बदल जाएगा। यानि और कमजोर हो जाएगा। हालांकि, अभी पूरे गुजरात में बारिश होगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय अगले 24-48 घंटों के लिए क्षेत्रीय मौसम को प्रभावित करता रहेगा, जिससे गुजरात और दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी।

इधर, बिपरजॉय को लेकर गुजरात सरकार ने कहा कि पहले से चुस्त-दुरुस्त तैयारियों के चलते ज्यादा नुकसान होने से बच गया। स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हुई। लोगों की जान सुरक्षित रही। गुजरात सरकार ने कहा कि, स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। पेड़ों और खंभों के गिरने के साथ जो चीजें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उनपर काम किया जा रहा है। प्रभावित इलाकों में बिजली व्यवस्था बहाल करने का प्रयास भी जोरों पर है। सरकार चीजों को सामान्य करने में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात ही गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की थी और बिपरजॉय के बाद राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी।

यह भी पढ़ें- आग लगाकर फूंक दिया केंद्रीय मंत्री का घर; खाक हुआ सामान, वाहन जले, मणिपुर में हालात बेहद खराब