गुरनाम सिंह चढ़ूनी की हिरासत पर भड़के किसान, शंभू टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन
- By Gaurav --
- Monday, 20 Jul, 2026
Farmers Protest at Shambhu Toll
अंबाला। हरियाणा के अंबाला स्थित शंभू टोल प्लाजा पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) के कार्यकर्ताओं ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने टोल प्लाजा पर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि दिल्ली में प्रस्तावित किसान घाट कार्यक्रम से पहले गुरनाम सिंह चढ़ूनी को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उनका कहना है कि सरकार किसानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
किसान नेताओं के अनुसार, गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसानों से दिल्ली के किसान घाट पहुंचने की अपील की थी। इसी के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया, जिसके विरोध में अंबाला सहित कई स्थानों पर किसान सड़कों पर उतर आए हैं।
फिलहाल शंभू टोल प्लाजा पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।