Fake BP Medicine Racket Busted in Gurugram

गुरुग्राम में नकली BP दवाओं का बड़ा भंडाफोड़, दिल्ली-मुरादाबाद लिंक उजागर; 2 आरोपी गिरफ्तार

fake madisan

Fake BP Medicine Racket Busted in Gurugram

गुरुग्राम। हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्लड प्रेशर (BP) की नकली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान Telma-AM की 178 स्ट्रिप नकली दवाएं बरामद की गईं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एफडीए को गुरुग्राम में नकली ब्लड प्रेशर की दवाइयों की बिक्री की सूचना मिलने के बाद तीन ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान Telma-AM (Telmisartan 40 mg + Amlodipine 5 mg) की बैच संख्या 05251007A की 178 स्ट्रिप जब्त की गईं।

जांच में सामने आया कि बैच नंबर समान होने के बावजूद दवा की पैकेजिंग, प्रिंटिंग, फॉन्ट, वॉटरमार्क, चेतावनी संदेश और क्यूआर कोड में कई असमानताएं थीं। कई स्ट्रिप्स पर ओवर प्रिंटिंग भी पाई गई, जिससे नकली होने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान एफडीए ने दिल्ली के ओखला फेज-2 स्थित श्री बालाजी फार्मापोरियम के पार्टनर सुब्रत द्विवेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि नकली दवाओं की सप्लाई उसे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से हुई थी। इसके आधार पर टीम ने मुरादाबाद के शेखपुर थाना क्षेत्र के नोशाना गांव से दवा कारोबारी मोहम्मद जुवेर को भी गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली दवाओं का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में किया जाता था। वहां से इन्हें लखनऊ के रास्ते हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।