राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हमला, बोली- पीएम मोदी की चुप्पी आस्था पर सीधा आघात
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
Congress Targets PM Modi Over
नई दिल्ली: कांग्रेस ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था पर सीधा आघात बताया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री से इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की।
जयराम रमेश ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर में कथित अनियमितताओं पर केंद्र सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन बिना पारदर्शी प्रक्रिया और जन-परामर्श के किया तथा बाद में ट्रस्ट को सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के दायरे से बाहर कर दिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की तानाशाही बताते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 30 जून को अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाला था, लेकिन उन्हें होटल से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि अयोध्या में कथित जमीन घोटालों और चढ़ावे की चोरी में शामिल लोगों को राम भक्तों के आने से डर लग रहा है। उन्होंने भाजपा पर आस्था पर पहरा लगाने का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई को कायरतापूर्ण और निंदनीय बताया। साथ ही कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी।