'यमुना को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी': CM रेखा गुप्ता ने चलाया सफाई अभियान, बिना ट्रीटमेंट कोई नाला नहीं गिरेगा
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Jun, 2026
CM Rekha Gupta Leads Yamuna
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चिल्ला गांव यमुना घाट पर आयोजित 'क्लीन दिल्ली विद सीएम' अभियान में स्वयंसेवकों, युवाओं और स्थानीय लोगों के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की संस्कृति, विरासत और जीवनरेखा है, इसलिए इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के वैज्ञानिक, टिकाऊ और समग्र पुनर्जीवन के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का आधुनिकीकरण, नए विकेंद्रीकृत एसटीपी की स्थापना, सीवर नेटवर्क का विस्तार और यमुना में गिरने वाले सभी नालों को चरणबद्ध तरीके से टैप करने का कार्य किया जा रहा है।
बिना ट्रीटमेंट कोई नाला यमुना में नहीं गिरेगा
रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सीवेज प्रबंधन को पूरी तरह मजबूत करना है, ताकि भविष्य में कोई भी नाला बिना उपचार (ट्रीटमेंट) के सीधे यमुना में न गिरे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से यमुना में प्रदूषित पानी का प्रवाह पूरी तरह रोका जा सकेगा।
पूजा सामग्री के लिए बनेंगे विशेष संग्रह केंद्र
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक, निर्माण मलबा और अन्य कचरा यमुना में प्रवाहित न करें। उन्होंने बताया कि सरकार शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष संग्रह केंद्र (पोर्टा केबिन) स्थापित कर रही है, जहां पूजा सामग्री और खंडित मूर्तियों का सम्मानजनक एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) किया जाएगा।
जनभागीदारी पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने सफाई अभियान में शामिल युवाओं और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि यमुना की स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ नदी के लक्ष्य को केवल सरकार नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है।