CM Dashboard to Enable Real-

सीएम डैशबोर्ड से होगी विकास कार्यों की रियल टाइम निगरानी, मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिए निर्देश

pp

CM Dashboard to Enable Real-

हिमाचल प्रदेश में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की निगरानी अब और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं की रियल टाइम मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के विकास और उसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान बागवानी विभाग की उन प्रमुख योजनाओं का भी जायजा लिया गया, जिन्हें इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने फ्लैगशिप कार्यक्रमों और प्रमुख योजनाओं की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ें, ताकि उनकी प्रगति और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की निरंतर निगरानी की जा सके।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन और परिणामों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एक प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम साबित होगा। बैठक में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सचिव सी. पालरासु, सचिव आशीष सिंहमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।