Police Term Viral Gang Claim

टोल विवाद में शिफ्ट इंचार्ज की हत्या, लॉरेंस गैंग के नाम से वायरल पोस्ट को पुलिस ने बताया फर्जी

pp

Police Term Viral Gang Claim

बरवाला रोड स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला की हत्या के मामले में दूसरे दिन भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। टोल कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात 130 रुपये के टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद के दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कथित तौर पर शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला को वाहन से कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कर्मचारियों और परिजनों में भारी रोष देखने को मिला।

मामले को शांत करने के लिए टोल कंपनी प्रबंधन ने मृतक की पत्नी के खाते में तीन दिनों के भीतर 10 लाख रुपये तथा शेष 10 लाख रुपये तीन महीने के भीतर जमा करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए सहमत हुए।

इस बीच बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर संजय शुक्ला की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। वायरल संदेश में कुछ व्यक्तियों के नाम लेकर हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने की बात कही गई थी।

हालांकि, पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट और ऑडियो पूरी तरह फर्जी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले के आरोपी मृतक संजय शुक्ला को जानते तक नहीं थे, इसलिए वायरल दावों का घटना से कोई संबंध नहीं है।

एसपी ने बताया कि हत्या के आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।