कोलकाता शेड हादसा: PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये सहायता का ऐलान
- By Gaurav --
- Thursday, 25 Jun, 2026
PM Modi Announces ₹2
कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इस हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि कोलकाता में हुआ हादसा बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। PMO के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार भी राहत और बचाव कार्यों के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है।
यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:07 बजे हुआ, जब तारातला क्षेत्र में बन रहे एक गोदाम का शेड अचानक ढह गया। घटना में 20 लोग घायल हुए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, सभी आठ मृतकों को SSKM अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
हादसे के बाद भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। पश्चिम बंगाल सरकार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जांच टीम की अगुवाई असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस जॉयसूर्या मुखर्जी करेंगे।
पुलिस ने इस मामले में एक बिल्डिंग सुपरवाइजर और दो लेबर सप्लायर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।