बिलासपुर में 101 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के तीन तस्कर गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Thursday, 25 Jun, 2026
STF Seizes 101 Grams of Heroin
देवभूमि हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) सेंट्रल रेंज मंडी को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने बिलासपुर जिले में कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 101 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ को बिलासपुर क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने दर्शानी के पास फोरलेन पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो (PB 03 BJ-1944) को संदेह के आधार पर रोका गया।
तलाशी के दौरान वाहन से 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय जगवीर सिंह पुत्र बूटा सिंह, 30 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह और 31 वर्षीय जसविंदर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर के झंडूता थाना में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी एसटीएफ हेमराज वर्मा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और हिमाचल प्रदेश में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। इसके साथ ही पूरे ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके।