यूपी में अग्नि सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: 335 से ज्यादा भवन सील, कोचिंग सेंटर, अस्पताल और होटल प्रशासन के निशाने पर

यूपी में अग्नि सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: 335 से ज्यादा भवन सील, कोचिंग सेंटर, अस्पताल और होटल प्रशासन के निशाने पर

Major crackdown on fire safety in UP

Major crackdown on fire safety in UP

लखनऊ। Major crackdown on fire safety in UP, अलीगंज में हुए अग्निकांड में 15 युवाओं की मौत और सरकार की सख्ती के बाद जागे स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को भी कार्रवाई का कोड़ा फटकारा।

अग्निसुरक्षा मानकों को दरकिनार कर छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, गेस्ट हाउस और होटलों के खिलाफ लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश भर में कार्रवाई हुई।

मंगलवार को 85 से अधिक संस्थानों को सील किया गया था। बुधवार को प्रदेश में 250 से अधिक भवनों को सील कर दिया गया। अब तक 335 से अधिक भवन सील किए जा चुके हैं। हजार से अधिक भवन स्वामियों को नोटिस देकर मानकों को पूरा करने को कहा गया है। इन भवनों में मामूली शिकायतें थीं।

राजधानी में मानकों के विपरीत बनी तीन मंजिला अवैध व्यावसायिक इमारत में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में 15 युवाओं की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को एक बड़ा सबक बताते हुए कहा था कि इससे सीख लेते हुए सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो।

इसी के बाद मंगलवार को प्रदेश भर में कार्रवाई की शुरुआत हुई थी। बुधवार को इसमें तेजी आई। कोचिंग संस्थानों की विशेष रूप से जांच हुई। कहीं अग्निसुरक्षा के इंतजाम नहीं मिले तो कहीं मानक के विपरीत निर्माण व निकासी उचित व्यवस्था नहीं मिली। बड़ी संख्या में बेसमेंट में कोचिंग चलती मिलीं।

Lucknow-Fire-Tragedy-(3)-1782350232946_v

लखनऊ में प्रशासन की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाकर 35 से अधिक कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी सील कीं। इनमें से अकेले हजरतगंज क्षेत्र में चल रही 23 कोचिंग व लाइब्रेरी हैं। अग्निसुरक्षा मानकों के उल्लंघन में जिन कोचिंग संस्थानों को सील किया गया उनमें एलन व फिजिक्स वाला और ग्रेविटी सहित कई बड़े नाम भी हैं। कानपुर देहात में 27 कोचिंग के भवन सील किए गए हैं।

कानपुर में सीएमओ ने लगभग 400 अस्पतालों को नोटिस देकर बेसमेंट में पार्किंग, स्टोर या शौचालय छोड़कर किसी अन्य गतिविधि का संचालन नहीं करने व अग्निशमन के मानक पूरे करने को कहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने पंजीकृत 22 कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी कर मानक दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

महोबा में नौ कोचिंग व लाइब्रेरी सील की गईं व आठ को नोटिस दी है। पंजीकरण नहीं कराने वाले 200 कोचिंग संस्थानों को भी नोटिस जारी की जा रही है। वृंदावन में अवैध रूप से चल रहे 12 होटल और गेस्ट हाउस सील किए। वाराणसी में 30 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी सील किए गए हैं। कई संस्थान बिना मानचित्र स्वीकृति, आवश्यक अनुमति और निर्धारित भवन मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे थे।

बागपत में 20 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी पर सील की गईं। मुरादाबाद में अल्फा हास्पिटल, क्योर हास्पिटल, दीपा हास्पिटल भी सील किए गए हैं। प्रमुख महानगरों के साथ ही छोटे शहरों में भी कार्रवाई हुई।

सरकार ने अलीगंज कांड की जांच के लिए दो सदस्यीय एसआइटी गठित की है जिसमें प्रमुख सचिव अमृत अभिजात और एडीजी जोन प्रवीण कुमार हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि अवैध भवन में एक ही प्रवेश और निकास द्वार होने के कारण अंदर बच्चे फंस गए। भवन में बीस किलोवाट का कनेक्शन था और जांच में 40 किलोवाट का भार मौके पर पाया गया।