Nine Gram Secretaries Suspended

लाडो लक्ष्मी योजना में लापरवाही भारी, 9 ग्राम सचिव निलंबित

pp

Nine Gram Secretaries Suspended

लाडो लक्ष्मी योजना के तहत नई पात्र महिलाओं को लाभ देने के लिए चलाए गए सत्यापन अभियान में लापरवाही बरतने पर नौ ग्राम सचिवों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित खोखर ने कार्य में कोताही बरतने वाले नौ ग्राम सचिवों को निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, इन ग्राम सचिवों की लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं के आवेदन लंबित रह गए हैं, जिससे उन्हें योजना का लाभ मिलने में देरी हो रही है। वर्तमान में जिले में 2,596 महिलाओं का सत्यापन कार्य अभी भी अधूरा है।

जानकारी के मुताबिक, मई माह में प्रदेश सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के नए लाभार्थियों के सत्यापन का विशेष अभियान शुरू किया था। इसके लिए सभी ग्राम सचिवों की आधिकारिक यूजर आईडी पर संबंधित आवेदन और लाभार्थियों का विवरण उपलब्ध कराया गया था। ग्राम सचिवों को आवेदनों की जांच और पात्रता सत्यापित कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करनी थी, ताकि नई पात्र महिलाओं को योजना में शामिल किया जा सके।

जिले के आठों खंडों में कुल 45,184 महिलाओं का सत्यापन किया जाना था। इनमें से 42,588 महिलाओं का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 2,596 मामलों का सत्यापन अभी लंबित है।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित खोखर ने बताया कि अधिकांश ग्राम सचिवों ने निर्धारित समय में कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन नौ ग्राम सचिवों ने अब तक सत्यापन प्रक्रिया शुरू ही नहीं की। इनमें एक ग्राम सचिव इंद्री खंड से तथा आठ ग्राम सचिव नीलोखेड़ी खंड से संबंधित हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पात्र लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।