CBI ने हरियाणा कैडर के IPS दीपक गहलावत को किया गिरफ्तार, रिश्वतखोरी मामले में बड़ी कार्रवाई
CBI Arrests Haryana Cadre IPS
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। गहलावत वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) में तैनात हैं।
CBI के अनुसार, एजेंसी ने 8 जून 2026 को दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि आईपीएस अधिकारी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का दावा करते हुए निजी व्यक्तियों से कथित तौर पर अवैध रिश्वत की मांग की।
जांच एजेंसी का आरोप है कि अधिकारी ने पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देकर रिश्वत मांगने की साजिश रची।
इस मामले में इससे पहले CBI दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी ने उनके पास से करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि और 90 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इसके अलावा जांच के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।
CBI ने आईपीएस अधिकारी से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर डिजिटल डिवाइस, हार्ड डिस्क और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।