अंबाला में झमाझम बारिश से बदला मौसम, भीषण गर्मी से मिली राहत; 6 जुलाई तक बारिश के आसार
Heavy Rain Brings Relief From
हरियाणा के अंबाला में बुधवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। कई दिनों से गर्मी से परेशान लोग बारिश के बाद राहत महसूस करते नजर आए और मौसम सुहावना हो गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पंजाब क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई से 6 जुलाई तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अंबाला के अलावा पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में भी बारिश के आसार हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।