FIR Ordered Against 4 BLOs

SIR-2026 अभियान में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, कैथल में 4 BLO के खिलाफ FIR के आदेश

undefined

FIR Ordered Against 4 BLOs

हरियाणा के कैथल जिले में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में लापरवाही बरतने वाले चार बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी किए गए हैं। गुहला (एससी) विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO)-सह-एसडीएम ने थाना प्रभारी गुहला और सीवन को जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा 15 जून 2026 से शुरू किए गए SIR-2026 अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और EPIC (मतदाता पहचान पत्र) का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। आयोग ने सभी BLO को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे।

निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को दोपहर 2 बजे तक संबंधित चारों BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर 20 प्रतिशत से भी कम EPIC डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर पाए थे। कई बार दूरभाष पर निर्देश देने और नोटिस जारी करने के बावजूद कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिन BLO के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं, उनमें मतदान केंद्र संख्या 81 (भागल) के कर्म सिंह, 103 (औंध) के नरेंद्र पाल, 170 (सीवन) के अनिल कुमार और 191 (लैंडर कीमा) के राजेश कुमार शामिल हैं। पुलिस को नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

यह कार्रवाई निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कैथल जिले की महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है।