Ayodhya Anish Khan Encounter| यूपी में एनकाउंटर, ट्रेन में महिला कांस्टेबल से दरिंदगी करने वाला मारा गया, दो आरोपी घायल

ट्रेन में महिला कांस्टेबल को अर्धनग्न और लहूलुहान किया; अब UP STF ने आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया, CM योगी ने कहा था- यमराज मिलेंगे...

Ayodhya Anish Khan Encounter Female Constable Case

Ayodhya Anish Khan Encounter Female Constable Case

Ayodhya Anish Khan Encounter: अयोध्या में एक महिला कांस्टेबल के साथ दरिंदगी करने वाले तीन आरोपियों को यूपी एसटीएफ़ ने उनके अंजाम पर लाकर खड़ा कर दिया है। एसटीएफ़ ने मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है जबकि दो अन्य आरोपी घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा है। मारे गए मुख्य आरोपी की पहचान अनीश खान के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य आरोपियों की पहचान विशंभर दयाल और आज़ाद के तौर पर की गई है। बता दें कि, इस एनकाउंटर में यूपी एसटीएफ़ के साथ-साथ अयोध्या पुलिस भी शामिल रही।

SSP अयोध्या राजकरन नैय्यर ने जानकारी देते हुए बताया कि, महिला कांस्टेबल के साथ वारदात करने वालों की इनपुट के आधार पर पहचान पीड़िता को एक फोटो दिखाकर करवाई गई थी। जिसके बाद जब आज इनायत नगर थाना इलाके में छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास किए जा रहे थे तो इसी क्रम में आरोपियों ने भागने की कोशिश की और गोलीबारी की। इसके बाद एसटीएफ़ और पुलिस की इनके साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें दो आरोपी विशंभर दयाल और आज़ाद घायल हो गए और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया।

लेकिन इस दौरान मुख्य आरोपी अनीश खान भाग निकला। जिसे घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश शुरू की गई। खुद को घिरता देख अनीश लगातार गोलीबारी कर रहा था। जहां जवाबी कारवाई में उसे गोली लग गई। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था मगर उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि, इस पूरे ऑपरेशन में कुछ पुलिसवाले भी घायल हुए हैं।

 

ट्रेन की सीट के नीचे अर्धनग्न और लहुलुहान मिली थी महिला कांस्टेबल

बता दें कि, पीड़ित महिला कांस्टेबल 30 अगस्त को अयोध्या में सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में सीट के नीचे अर्धनग्न और लहुलुहान मिली थी। हालाँकि, गनीमत इतनी थी कि महिला कांस्टेबल जिंदा थी। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। तबसे अबतक महिला कांस्टेबल का इलाज लगातार जारी है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। बता दें कि, महिला कांस्टेबल की अवस्था देख सब हक्के-बक्के रह गए थे। ट्रेन की फर्श पर खून ही खून पसरा हुआ था और वहीं महिला कांस्टेबल तन पर नीचे के कपड़े गायब थे। महिला कांस्टेबल के तन पर सिर्फ ऊपर की वर्दी थी। पैरों में पैंट नहीं था। जिसको देखते हुए शुरुवात में महिला कांस्टेबल के साथ रेप की आशंका जताई गई। लेकिन बाद में महिला कांस्टेबल के इलाज के दौरान रेप की बात सामने नहीं आई। बताया गया कि, आरोपी महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ कर रहे थे जिसका विरोध करने पर उन्होने महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया।

 

योगी ने कहा था- बेटियों को छेड़ोगे तो अगले चौराहे पर यमराज मिलेंगे

यूपी में सीएम योगी अपराधियों को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए हैं। यही कारण है कि यूपी में अब तक कई अपराधियों को मार गिराया गया है। हाल ही में सीएम योगी ने कहा था कि अगर प्रदेश में किसी अपराधी ने बहन-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाकर उन्हें छेड़ने की कोशिश की तो उसे यमराज के दर्शन होंगे। अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार कर रहे होंगे और फिर उसे यमराज से कोई बचा नहीं सकता।