मोहाली बीजेपी वाइस डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट पर हमला:SIR प्रक्रिया के दौरान हुआ झगड़ा
Attack on Mohali BJP District Vice President
मोहाली। Attack on Mohali BJP District Vice President, गांव कुंबड़ा में मंगलवार दोपहर को एसआईआर ड्यूटी दे रहे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच हुआ विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।
इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की शिकायत पुलिस तथा प्रशासन को दी गई है। वहीं दोनों पार्टी के घायल लोगों को फेज-6 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों अस्पताल में पहुंचे। वहां उन्होंने स्थिति की जानकारी ली और पार्टी कार्यकर्ताओं का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि यह आम आदमी पार्टी की साफ गुंडा गर्दी है।
वहीं भाजपा जिला प्रधान संजीव वशिष्ट ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उनकी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे, जिनमें जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह बैदवान भी शामिल थे। बताया गया कि सभी लोग गुरुद्वारे के पास बैठे हुए थे, तभी आप पार्टी से जुड़े कुछ लोगों के साथ बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर झड़प में बदल गई।
बीजेपी पक्ष का आरोप है कि इस दौरान एक हरदीप सिंह बैदवान और सनी पर जानलेवा हमला किया गया। जबकि हरदीप सिंह बैदवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाक की हड्डी टूटने की बात सामने आई है और डाॅक्टरों ने आपरेशन की संभावना जताई है। घटना के बाद पार्टी की ओर से पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि मामले की जानकारी पंजाब डीजीपी गौरव यादव को दी गई, जिसके बाद मोहाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो डीसी और एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर आम आदमपी पार्टी से कुंबडा के मौजूदा एमसी रविंद्र बिंद्र ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना के दौरान दोनों पक्ष मौजूद थे और झड़प में दोनों तरफ के लोग घायल हुए हैं।
स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई थी और इसमें दोनों पक्षों के लोग शामिल थे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों तरफ से शिकायत दी जाएगी और मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।