आरेडिका की उपलब्धियों एवं पुस्तक ‘रेल्स थ्रू राज’ पर उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल से आरेडिका के महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा की हुई सार्थक चर्चा

आरेडिका की उपलब्धियों एवं पुस्तक ‘रेल्स थ्रू राज’ पर उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल से आरेडिका के महाप्रबंधक पी. के. मिश्रा की हुई सार्थक चर्चा

Honourable Governor of Uttar Pradesh

Honourable Governor of Uttar Pradesh

Honourable Governor of Uttar Pradesh: आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली (उत्तर प्रदेश) एवं रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला (पंजाब) के महाप्रबंधक श्री प्रशांत कुमार मिश्रा ने दिनांक 03 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी से जनभवन, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात अत्यंत सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं सार्थक रही।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री मिश्रा ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) द्वारा अब तक निर्मित 15,000 से अधिक अत्याधुनिक रेल कोचों, आरेडिका में पहली बार निर्मित फोर्ज्ड व्हीलों, तथा आरेडिका में निर्मित पहली वंदे भारत ट्रेन के निर्माण, उसकी तकनीकी विशेषताओं एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आरेडिका द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों—जैसे जल संरक्षण, हरित ऊर्जा पहल, सौर ऊर्जा विकास तथा व्यापक वृक्षारोपण अभियान—पर भी प्रकाश डाला।
महाप्रबंधक श्री मिश्रा ने बताया कि आरेडिका में भू-जल संरक्षण क्षमता बढ़कर 730 मिलियन लीटर हो चुकी है तथा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सोलर पैनलों की स्थापना से 5.13 मेगावाट की उत्पादन क्षमता प्राप्त की जा चुकी है। इन प्रयासों से भारतीय रेलवे की निर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही उल्लेखनीय प्रगति परिलक्षित होती है।
इस दौरान श्री मिश्रा ने भारतीय रेलवे के इतिहास पर आधारित अपनी चर्चित पुस्तक ‘रेल्स थ्रू राज (Rails Through Raj)’ की एक प्रति महामहिम राज्यपाल को भेंट की। उन्होंने पुस्तक के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि यह कृति प्राथमिक ऐतिहासिक स्रोतों पर आधारित है तथा ब्रिटिश काल में भारतीय रेलवे के विकास को वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ प्रस्तुत करती है। यह पुस्तक सामान्य पाठकों के साथ-साथ इतिहास एवं रेलवे विषयक शोधकर्ताओं के लिए भी अत्यंत उपयोगी है।
इस सुखद भेंट के दौरान माननीय राज्यपाल महोदया ने जनभवन में स्थापित ‘आदर्श माध्यमिक विद्यालय’ के विद्यार्थियों द्वारा गठित ‘जनभवन बैंड’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनभवन में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा इन बच्चों को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप ये विद्यार्थी अत्यंत अनुशासित एवं दक्ष बने। उल्लेखनीय है कि जनभवन बैंड ने पिछले तीन वर्षों से लगातार 26 जनवरी की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सराहना अर्जित की है।
इसके अतिरिक्त, महामहिम राज्यपाल महोदया ने जनभवन द्वारा टीबी उन्मूलन तथा सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन के लिए किए जा रहे सराहनीय प्रयासों पर भी चर्चा की एवं इन सामाजिक स्वास्थ्य अभियानों को अत्यंत प्रशंसनीय बताया।
महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी ने महाप्रबंधक श्री मिश्रा के लेखन कौशल, पुस्तक की शोधपरक गुणवत्ता तथा आरेडिका की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने आरेडिका की संपूर्ण टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर महामहिम ने अपनी लिखित पुस्तकें ‘चुनौतियां मुझे पसंद हैं’ एवं ‘वो मुझे हमेशा याद रहेंगे’ भी सप्रेम भेंट कीं।
मुलाकात का विशेष एवं अत्यंत सुखद क्षण तब आया जब महाप्रबंधक श्री मिश्रा द्वारा महामहिम को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली के भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया, जिसे महामहिम ने सहर्ष स्वीकार किया।
यह भेंट आरेडिका परिवार के लिए गर्व, प्रेरणा एवं उत्साह का क्षण है।
इस अवसर पर पी के मिश्रा के साथ, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक अकमल वदूद, उप मुख्य वित्त सलाहकार अस्थानंद पाठक, सचिव महाप्रबंधक आर एन तिवारी भी मौजूद रहे।