अग्निवीर भर्ती 2026: कांगड़ा-चंबा के युवाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी, 1 अगस्त से ग्राउंड टेस्ट
Agniveer Recruitment 2026: Admit Cards
भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। सेना भर्ती कार्यालय (ARO) पालमपुर ने अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के तहत आयोजित होने वाली भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी कर दिए हैं। भर्ती अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है।
भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 21 जुलाई से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी समस्या आती है, तो वह सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से ई-मेल या दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर सकता है।
अधिकांश श्रेणियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Ground Test) 1 अगस्त से यूथ सर्विसेज एवं हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स सिंथेटिक ट्रैक, धर्मशाला में शुरू होगी। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने एडमिट कार्ड पर अंकित तिथि और समय के अनुसार ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। निर्धारित समय के बाद आने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वहीं, क्लर्क श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ग्राउंड टेस्ट 2 और 3 अक्टूबर 2026 को अणु सिंथेटिक ट्रैक, हमीरपुर में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कांगड़ा और चंबा जिले के उन अभ्यर्थियों के लिए होगा जिन्होंने अग्निवीर क्लर्क, क्लर्क जीडी, क्लर्क टेक्निकल और संबंधित श्रेणियों के लिए आवेदन किया है।
भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को रैली में मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एडमिट कार्ड, अन्य वैध पहचान पत्र तथा इंडेम्निटी बॉन्ड (क्षतिपूर्ति बॉन्ड) साथ लाने के निर्देश दिए हैं। आवश्यक दस्तावेज न होने पर अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है।
इसके अलावा, भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आधिकारिक और ताजा जानकारी प्राप्त करने के लिए युवाओं से ARO पालमपुर के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने की भी अपील की गई है, ताकि वे किसी भी भ्रामक सूचना से बच सकें।