रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश का असर, केदारनाथ पैदल मार्ग अस्थायी रूप से बंद, कई सड़कें भी प्रभावित

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश का असर, केदारनाथ पैदल मार्ग अस्थायी रूप से बंद, कई सड़कें भी प्रभावित

1000267558

Impact of continuous rain in Rudraprayag: Kedarnath trek route temporarily closed

रुद्रप्रयाग। जनपद में बुधवार सुबह से हल्की बारिश और कोहरे का दौर जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सुबह मौसम सामान्य बना हुआ है तथा सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है।

तहसीलों में सर्वाधिक 33 मिमी वर्षा जखोली में दर्ज की गई, जबकि ऊखीमठ में 23 मिमी और रुद्रप्रयाग में 13 मिमी बारिश हुई। तापमान न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रशासन के अनुसार अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगानगर और गौरीकुंड में नदियों का जलस्तर फिलहाल सामान्य है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

हालांकि लगातार वर्षा के चलते श्री केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छोड़ी क्षेत्र के समीप मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सेक्टर गौरीकुंड में रोक दिया गया है। मार्ग खोलने के लिए संबंधित एजेंसियां मौके पर जुटी हैं।

इधर, लगातार बारिश के कारण ग्राम पंचायत लिस्वाल्टा बांगर के निचले क्षेत्र में गंभीर भूस्खलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने संबंधित विभागों की टीमों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।सड़कों की स्थिति की बात करें तो राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह सुचारु है, जबकि तीन राज्य मार्ग, चार लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कें, छह पीएमजीएसवाई सड़कें तथा एनपीसीसी की एक सड़क बंद है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए उच्चतम स्तर की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं तथा लोगों से मौसम और यात्रा संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।