सहारनपुर की मीट फैक्टरी में अमोनिया गैस रिसाव, 14 महिला श्रमिक बीमार, 4 की हालत गंभीर
Ammonia Gas Leak at Saharanpur
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी क्षेत्र स्थित एक मांस उत्पादक फैक्टरी में मंगलवार दोपहर अमोनिया गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। गैस की चपेट में आने से करीब 14 महिला श्रमिकों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, ए.एल.एम. मीट फैक्टरी में महिलाएं रोजाना की तरह पैकिंग का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कई श्रमिकों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर और घबराहट महसूस होने लगी। जांच में पता चला कि फैक्टरी में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था।
घटना के बाद सभी प्रभावित महिलाओं को हरि अस्पताल ले जाया गया। इनमें से चार महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जबकि अन्य का सामान्य वार्ड में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय प्रताप मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
बताया जा रहा है कि यह मांस उत्पादक फैक्टरी सहारनपुर के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान की है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।