One Killed, Three Critically Injured

किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-कार की भीषण टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

acedent

One Killed, Three Critically Injured

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा टापरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत करछम डैम के पास ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर में हुआ।

पुलिस के अनुसार, ऑल्टो कार में चार लोग सवार थे। करछम डैम के समीप पहुंचने पर कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शिमला जिले के रामपुर तहसील के गौरा गांव निवासी 34 वर्षीय नीजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल तीन लोगों की पहचान अशोक कुमार (45) निवासी गांव कोठी, तहसील कल्पा (किन्नौर), यशपाल नेगी (50) निवासी ब्रेलिंगी, तहसील कल्पा (किन्नौर) और साहिल निवासी सराहन, तहसील रामपुर (शिमला) के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर हालत में पहले शोल्टू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। टापरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किसकी लापरवाही से हुई।