892 बूथ अध्यक्षों को CM योगी ने दिया 2027 का मंत्र, बोले-सपा सरकार में 'सैफई सिंडिकेट' की चलती थी मनमानी

BJP Booth President Conference

BJP Booth President Conference

गोरखपुर: BJP Booth President Conference: बीजेपी के बूथ अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव 2027 में सफलता हासिल करने का बुधवार को मंत्र देने के साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला. उन्होंने इन दोनों दलों को देश में झूठा नैरेटिव फैलाने वाला बताया. समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले सपा सरकार में प्रदेश में नौकरी या सरकार की योजनाएं, सब पर ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा रहता था. हर जगह इसी सिंडिकेट की मनमानी चलती थी.

विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव से सजगता: योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को वे संबोधित कर रहे थे. दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल मिलाकर 892 बूथ अध्यक्षों के इस सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनाव में कांग्रेस और सपा की शरारती साजिशों और नकारात्मक नैरेटिव से सजग रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की शरारत का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए सभी बूथ अध्यक्ष कमर कसकर तैयार रहें. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष का नैरेटिव है कि एक झूठ को सच साबित करने के लिए सौ बार झूठ बोलो.

सत्य और लोक कल्याण का मार्ग: जबकि भाजपा सिर्फ सत्य पर विश्वास करती है और इसी कारण आज भाजपा विश्वास का प्रतीक बन चुकी है. उन्होंने कहा कि समाज में दो प्रवृत्तियां होती हैं. एक तरफ देव होते हैं तो दूसरी तरफ दानव. एक तरफ सत्य होता है, भलाई होती है तो दूसरी तरफ असत्य और बुराई.

विपक्ष की साजिशों पर साधा निशाना: भाजपा देव, सत्य और भलाई के साथ रहती है. सीएम ने कहा कि विपक्ष के लोग अराजकता, उपद्रव, गुंडागर्दी माफियागिरी और लूट में विश्वास करता है जबकि भाजपा का पक्ष समाज में धर्म, उत्सव, विकास और लोक कल्याण के लिए है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने समाज में साजिश और शरारत की. कांग्रेस ने एक लाख रुपये देने का झूठा वादा किया.

महापुरुषों के सम्मान पर विपक्ष पर घेराबंदी: सपा और कांग्रेस ने आरक्षण पर गलत नैरेटिव फैलाया. जबकि सच्चाई यह है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास को सम्मान मिला तो पीएम के मार्गदर्शन व नेतृत्व में भाजपा ने दिया. देहहित में जिस सरदार वल्लभ भाई पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, उन्हें भी भाजपा सरकार ने सम्मान दिया. उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाई.

जातिवाद और भ्रम फैलाने की राजनीति: कांग्रेस और सपा ने सरदार पटेल व डॉ. आंबेडकर की बजाय जिन्ना को महिमामंडित किया. सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस जातियों को आपस में लड़ाने का काम करती हैं. साजिश के तहत आंदोलन कराकर छात्रों को बदनाम करती हैं. उन्होंने दिल्ली में जारी आंदोलन का नाम लिए बगैर कहा कि ऐसा ही सीएए के विरोध में कराया गया था.

बूथ स्तर पर जनसंपर्क का आह्वान: मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल, पाकिस्तान और अफगनिस्तान में हिन्दू, जैन व बौद्धों की हत्या पर कांग्रेस और सपा का मुंह बंद रहता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विपक्ष के इन दलों ने किसानों को भड़काया अब छात्रों को भड़का रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों को सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा 2024 की तरफ फिर समाज में भ्रम पैदा करने की साजिश और शरारत कर सकती हैं. इसलिए बूथ स्तर पर सजग रहकर उनकी शरारतों और भ्रम को बेनकाब करते रहना होगा.

बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र: सभी बूथ अध्यक्ष सरकार द्वारा कराए गए विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं. लोगों के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें. बूथ को सबसे महत्वपूर्ण सांगठनिक इकाई बताते हुए मुख्यमंत्री ने चुनावी जीत का मंत्र भी दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य का उद्धरण देते हुए कहा कि चुनाव देश, प्रदेश, लोकसभा, विधानसभा या जिले में नहीं होता बल्कि असली चुनावी लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है.

2027 में तीसरी बार सरकार का भरोसा: इसीलिए पीएम मोदी नारा देते हैं, मेरा बूथ सबसे मजबूत. यह नारा इस बात के लिए प्रेरित करता है कि जो बूथ जीतेगा वही चुनाव भी जीतेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बूथ ही किसी चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है. जिसने बूथ जीत लिया, उसने चुनाव जीत लिया.

कार्यकर्ताओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति का अभिनंदन: सीएम योगी ने कहा कि बूथ वही जीतेगा जिसके पास जन सामर्थ्य होगा, जो अधिकाधिक जनसंपर्क करेगा. मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे सीमा पर सैनिकों के मुस्तैद रहने से देश सुरक्षित और खुशहाल रहता है, वैसे ही सतर्क और सजग बूथ होने से हम केंद्र और प्रदेश में सरकार बनाते हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ की ताकत से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनेगी. उन्होंने सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए उनका अभिनंदन किया और इसके लिए महानगर इकाई को साधुवाद भी दिया. इस दौरान गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के 457 एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 435 बूथों के अध्यक्ष उपस्थित रहे.