Youth gunned down in Palwal

पलवल में युवक को गोलियों से भूना, देखें क्या है मामला

Palwan-Murder-1-April

Youth gunned down in Palwal

पलवल। पलवल में बदमाशों ने एक युवक ईश्वर उर्फ भोला को घेर कर गोलियों से भून दिया। उसे चार गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। मृतक की मां की भी 6 दिन पहले मौत हो गई थी। मां की चिता की आग ठंडी होने से पहले ही बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने 4 नामजद सहित 8 के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। मामला धतीर गांव का है।

जांच अधिकारी विकास ने बताया कि धतीर गांव निवासी कृष्ण ने शिकायत में कहा है कि उसकी मौसी का एक सप्ताह पूर्व ही निधन हुआ था। इसके चलते पूरा परिवार शोकग्रस्त था। अब 31 मार्च को देर शाम वह और उसकी मौसी का बेटा ईश्वर उर्फ भोला खेतों की तरफ जा रहे थे। गांव से आगे श्मशान घाट के पास पहुंचे, तभी उन्हें गांव के ही निवासी अनिल, राजू, योगेश व महेश सहित अन्य 4-5 युवकों ने घेर कर मारपीट शुरू दी। सभी के हाथों में हथियार थे, जिनसे डर कर वह खेतों की तरफ भागा और उसका भाई ईश्वर प्लाट की तरफ दौड़ा। लेकिन आरोपियों ने ईश्वर को आगे जाकर घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी।

बदमाशों द्वारा चलाई गई चार गोली ईश्वर को लगी। इसमें एक गोली सिर में, दो छाती पर और एक गोली कमर में लगी। जिससे खून से लथपथ ईश्वर वहीं गिर पड़ा। आरोपी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। हमलावरों के जाते ही उसने वारदात की सूचना अपने परिजनों को दी और गंभीर रुप से घायल ईश्वर को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए दाखिल नहीं किया। जिसके बाद उसे लेकर पलवल के नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कृष्ण ने बताया कि आरोपी जाते-जाते कह रहे थे कि आज उन्होंने संतराम की मौत का बदला ले लिया है। वर्ष 2011 में ईश्वर और उसके पिता ओमप्रकाश का झगड़ा महेश से हो गया था। जिसमें ओमप्रकाश व रणवीर को गंभीर चोटें आई थी। जिसकी रंजिश के चलते वर्ष 2012 में संतराम की गोली लगने से हत्या हो गई थी, जिसके संबंध में ईश्वर के परिजनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। लेकिन बाद में 2016 में दोनों पक्षों में आपसी सुलह हो गई थी और दोनों मामले खत्म हो गए थे। लेकिन आरोपी महेश रंजिश को पाले हुए था और उसी रंजिश के चलते ईश्वर की हत्या की गई है।

ईश्वर की हत्या के मामले में पुलिस को केस दर्ज कराने वाले कृष्ण ने बताया कि आरोपी महेश गैंगस्टरों से संबंध रखता है और गैंगस्टरों के साथ मिलकर ही उसने ईश्वर उर्फ भोला की हत्या की है। पुलिस को दी शिकायत में आरोपियों से उन्हें भी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस जांच अधिकारी का कहना था कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।