Youth Dies of Suspected Drug

शिमला में चिट्टे के संदिग्ध ओवरडोज से युवक की मौत, दोस्त पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज

undefined

Youth Dies of Suspected Drug

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे से जुड़ा एक चिंताजनक मामला सामने आया है। ठियोग क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि युवक ने अपने एक दोस्त के साथ नशीले पदार्थ का इंजेक्शन लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में मृतक के दोस्त के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस को दी शिकायत में हरदीप सिंह ने बताया कि वह एक निजी होटल में वेटर के रूप में कार्य करता है और होटल के स्टाफ क्वार्टर में अपने दो साथियों उमेश और करण के साथ रहता था। उसके अनुसार, 19 जून की रात करण का दोस्त बलवंत उर्फ रवि रावत उनके कमरे में आया था।

शिकायत के मुताबिक, बलवंत और करण ने सफेद रंग के गांठनुमा पदार्थ को पानी में गर्म कर सिरिंज के जरिए अपने शरीर में इंजेक्ट किया। कुछ समय बाद करण की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई।

चश्मदीद के बयान के आधार पर ठियोग पुलिस ने आरोपी बलवंत उर्फ रवि रावत के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक शिकायत में नशीले पदार्थ को ‘चिट्टा’ बताया गया है, लेकिन इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं, घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।