जालंधर में होम्योपैथिक क्लिनिक पर फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों ने देर रात बरसाईं गोलियां

1000246180

Firing at homeopathic clinic in Jalandhar

जालंधर। जालंधर शहर में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। वेरका मिल्क प्लांट के नजदीक स्थित एक होम्योपैथिक क्लिनिक को देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। हमलावरों ने क्लिनिक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना में क्लिनिक का शटर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अंदर लगे शीशे भी टूट गए। राहत की बात यह रही कि वारदात के समय क्लिनिक बंद था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक के बाहर पहुंचकर फायरिंग की।

घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय सामने आई जब आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। उन्होंने क्लिनिक के बाहर टूटा हुआ कांच और शटर पर गोलियों के निशान देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

jal

मौके पर जांच करते हुए पुलिस।

पुलिस ने जांच की शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान क्लिनिक को सील कर दिया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

गोली का हिस्सा हुआ बरामद

क्लिनिक संचालक डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार रात वह और उनके बेटे आर्यन शर्मा रोजाना की तरह क्लिनिक बंद करके घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब उनके बेटे ने क्लिनिक खोला तो अंदर का शीशा टूटा हुआ मिला। जांच करने पर अंदर से गोली का एक हिस्सा भी बरामद हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें पहले कभी कोई धमकी भरा फोन नहीं आया और न ही उनका किसी के साथ कोई विवाद है। ऐसे में फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने सीसीटीवी लिया कब्जे में

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शहर में लगातार बढ़ रही फायरिंग की घटनाओं के बीच इस वारदात ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा कर रही है।