नोएडा में थाईलैंड कनेक्शन वाले ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, छात्रों को सप्लाई करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Monday, 22 Jun, 2026
Thailand-Linked Drug Racket
नोएडा के गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये आरोपी दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाला विदेशी गांजा, जिसे ‘ओजी’ (OG) कहा जाता है, सप्लाई करते थे।
यह कार्रवाई 'एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स' (ANTF) और नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद गांजा थाईलैंड से तस्करी कर भारत लाया जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त (जोन-3) रवि शंकर निम के अनुसार, एएनटीएफ कानपुर से सूचना मिली थी कि गोरखपुर निवासी युवराज चौधरी उर्फ नवीन और शशांक अपने साथियों के साथ एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर नोएडा में अपने सहयोगी प्रणय पुष्प को गांजे की खेप पहुंचाने आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक थार वाहन वहां आकर रुकी और कुछ देर बाद एक स्कॉर्पियो भी मौके पर पहुंची। थार में सवार एक युवक स्कॉर्पियो में जाकर बैठ गया, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पटना निवासी प्रणय पुष्प (21), गोरखपुर निवासी युवराज चौधरी (21), शशांक शाही (19) और रोहन चौधरी (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.65 किलोग्राम गांजा, दो चार पहिया वाहन और चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि शशांक के परिवार के कुछ सदस्य थाईलैंड में रहते हैं और उनका वहां नियमित आना-जाना है। पुलिस के अनुसार युवराज, शशांक और रोहन केंद्रीय विहार कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में रहकर थाईलैंड से मादक पदार्थ मंगाने और उसकी तस्करी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।