मनीषा हत्याकांड में न्याय की मांग तेज, पिता 29 जून से करेंगे आमरण अनशन
- By Gaurav --
- Monday, 22 Jun, 2026
Manisha Murder Case: Father
भिवानी जिले का बहुचर्चित मनीषा हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मामले में अब तक कोई ठोस खुलासा या गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मृतका के पिता ने 29 जून से भिवानी डीसी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठने का ऐलान किया है।
सोमवार को मनीषा के पिता संजय कुमार आमरण अनशन की अनुमति लेने के लिए उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे, लेकिन डीसी के कार्यालय में मौजूद नहीं होने के कारण उन्होंने अपना आवेदन उनके निजी सहायक (पीए) को सौंप दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुमति मिले या न मिले, वह 29 जून को हर हाल में आमरण अनशन शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि भिवानी जिले के ढाणी लक्ष्मण गांव निवासी 19 वर्षीय मनीषा 11 अगस्त 2025 को लापता हो गई थी। दो दिन बाद 13 अगस्त को उसका शव खेतों में बरामद हुआ था। परिजनों ने शुरू से ही इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए थे।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था। बढ़ते विरोध के बीच लोहारू थाना के सभी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक का तबादला भी किया गया। इसके बाद गांव में कई दिनों तक महापंचायत का दौर चला। बाद में सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी, जिसके बाद 21 अगस्त को मनीषा का अंतिम संस्कार किया गया।
सीबीआई जांच शुरू होने के बाद टीम कई बार गांव पहुंचकर परिजनों और मामले से जुड़े संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है। हालांकि घटना को 10 महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक न तो मामले का खुलासा हो पाया है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।
इसी से नाराज होकर मनीषा के पिता ने आमरण अनशन का फैसला लिया है। उनका कहना है कि जांच की प्रगति को लेकर न तो सीबीआई और न ही प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है। अब 29 जून को होने वाले प्रस्तावित अनशन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।