पटना नगर निगम क्षेत्र में जनगणना 2027 का कार्य तेज, मकान सूचीकरण अभियान अंतिम चरण में
Work on Census 2027 accelerates in Patna Municipal
पटना। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य व्यापक स्तर पर जारी है।
इस राष्ट्रीय अभियान के प्रभावी संचालन, अनुश्रवण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर नगर निगम मुख्यालय स्तर पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में गठित जनगणना समन्वय समिति लगातार समीक्षा बैठकें कर रही है।
समिति द्वारा विभिन्न अंचलों में कार्य की प्रगति, तकनीकी चुनौतियों तथा डाटा अपलोडिंग की स्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नूतन राजधानी अंचल तथा शुक्रवार को पाटलिपुत्र, बांकीपुर एवं कंकड़बाग अंचल के चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनगणना कार्य की वर्तमान प्रगति का आकलन किया गया तथा मैदानी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से मोबाइल एप के माध्यम से डाटा प्रविष्टि एवं अपलोडिंग में आने वाली तकनीकी दिक्कतों के समाधान पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिन प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को एप संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, उन्हें प्रशिक्षकों द्वारा पुनः व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने लाइव डेमो के माध्यम से संबंधित कर्मियों से स्वयं डाटा प्रविष्टि कराते हुए एप संचालन की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में डाटा अपलोडिंग का कार्य निर्बाध, त्रुटिरहित एवं समय पर पूरा हो सके। समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के 13 हाउस लिस्टिंग ब्लाक (एचएलबी) में मकान सूचीकरण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है।
वहीं, 2039 ब्लाकों में कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। दूसरी ओर लगभग 900 ब्लाकों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर समिति ने विशेष समीक्षा करते हुए संबंधित प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचीकरण पूरा करने का निर्देश दिया गया।
563 पर्यवेक्षकों की तैनाती, प्रत्येक गणना ब्लाक में एक प्रगणक
नगर निगम क्षेत्र के सभी अंचलों को अलग-अलग चार्ज के रूप में अधिसूचित किया गया है तथा संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को चार्ज जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगम के 75 वार्डों को आबादी के आधार पर कुल 2986 गणना ब्लाकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लाक में एक प्रगणक की नियुक्ति की गई है, जो घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं आवश्यक आंकड़ों का संकलन कर रहे हैं। वहीं कार्य की निगरानी, समन्वय एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कुल 563 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
अंचलवार हाउस लिस्टिंग ब्लाक की संख्या
पाटलिपुत्र – 553
नूतन राजधानी – 637
कंकड़बाग – 495
बांकीपुर – 464
अजीमाबाद – 527
पटना सिटी – 310