मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला; गोलीबारी में सुरक्षा गार्ड घायल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, उमड़ा छात्रों का हुजूम
YouTuber Teacher Khan Sir Coaching Center Attack in Patna News
Khan Sir Coaching Center Firing: बिहार के पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात हमला हुआ है. यहां मुसल्लहपुर हाट के पास स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर गोलीबारी की गई। इस घटना में कोचिंग सेंटर की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड के घायल होने की खबर है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस गोलीबारी में खान सर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। खान सर सुरक्षित हैं। खान सर ने आरोप लगाया कि सस्ती शिक्षा और उनके बेहतर रिजल्ट से परेशान कुछ कोचिंग माफिया व असामाजिक तत्व उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।
SSP, SP समेत कई आलाधिकारी पहुंचे
रात में गोलीबारी की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल और कार्रवाई की। पटना पुलिस के SSP, SP समेत कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी सेंट्रल दीक्षा ने कहा घटना को लेकर अभी सबकुछ वेरीफाई किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है. वहीं इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उस व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी। वहीं SSP कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा, घायल गार्ड के बयान और साथ ही स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उमड़ा छात्रों का हुजूम, भारी पुलिस बल तैनात
इधर गोलीबारी की घटना से खान सर (Khan Sir) के छात्रों में रोष की स्थिति देखी जा रही है। घटना के अगले दिन बुधवार सुबह खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई है। कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों का भारी हुजूम उमड़ा दिख रहा है। यह देखते हुए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। इस दौरान यह भी देखने में आया है की पुलिस छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास कर रही है लेकिन छात्र वहां से हटने को तैयार नहीं हैं। इस बीच खान सर ने भी छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
गोलीबारी की घटना पर खान सर का बयान
गोलीबारी की घटना पर खान सर का बयान सामने आया है। खान सर ने कहा, गार्ड को इतनी चोट लगी है कि वो अभी कुछ बताने कि स्थिति में नहीं है। घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सजगता दिखाई है। सभी अधिकारी यहां देर रात तक मौजूद थे। खान सर ने कहा कि पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करे और दोषियों को सजा दी जाए। दूसरे कोचिंग संस्थान पर हमले का आरोप लगाते हुए खान सर ने कहा कि किसी को भी आपसी द्वेष नहीं रखना चाहिए। उन्होंने मांग की उन्हें यहां सुरक्षा मुहैया कराई जाए। खान सर ने बताया कि इसके लिए वह आवेदन जरूर देंगे।
खान सर बोले- गरीबों को सस्ती शिक्षा देने से दिक्कत
खान सर ने कहा, हमारी कोशिश यही रहती है कि गरीब से गरीब बच्चे को पढ़ाया जाए और इसमें कुछ लोग बाधा बनते हैं। मुख्य मुद्दा यह लगता है कि हम इतनी कम फीस पर क्यों पढ़ा रहे हैं? हमें इतने शानदार नतीजे क्यों मिल रहे हैं? हम प्रशासन से अपील करते हैं कि वे सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखें, और यह समझें कि गरीबों का भी शिक्षा पर अधिकार है। जब हज़ारों की संख्या में नतीजे आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें दबा सकते हैं। खान सर ने कहा कि हमें पुलिस और प्रशासन पर पूरा भरोसा है।
वहीं खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने ऑफिस (Khan Sir Coaching Center) में पूरी तरह तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। CCTV फुटेज अधिकारियों को सौंप दिया गया है। हमारे सुरक्षा गार्ड ने भी हमलावरों की पहचान कर ली है, ये पास के कोचिंग सेंटर के लोग हैं। बता दें कि खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर यह घटना उस बीच हुई है, इन दिनों दूसरी ओर मीडिया vs यूट्यूबर टीचर्स का विवाद बना हुआ है और यह बढ़ता जा रहा है।
खान सर गोलीबारी घटना पर JDU का बयान
खान सर गोलीबारी घटना पर JDU नेता संजय कुमार झा ने कहा, ''नीतीश कुमार का 20 साल का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का रिकॉर्ड है कि सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित रखने की है, इस पर कोई समझौता नहीं है। आपने देखा होगा कि बिहार में जितने भी अपराधी थे, उन सबका इंतजाम नीतीश कुमार ने कर दिया। अभी जो सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA की सरकार है उसमें भी वही इलाज होगा। यदि अपराध होगा तो अपराधी पकड़ा भी जाएगा और उसे सजा भी होगी।"