चक दे इंडिया! 90 मिनट के मैच में दनानदन 25 गोल, भारतीय बेटियों ने दागे हर 3 मिनट में एक गोल, यूं सिंगापुर को रौंद रचा इतिहास
Under 18 Womens Asia Cup Hockey
रांची: Under 18 Womens Asia Cup Hockey: जापान के काकामीगहारा में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. भारतीय टीम ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 के विशाल अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों ने भी अहम भूमिका निभाई. राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल दागकर भारत की जीत में योगदान दिया.
29 मई से 6 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने अब तक आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया है. टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और अपराजित रहते हुए अंतिम चार में जगह बनाई. सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया.
भारत की ओर से नाज़ नौशीन ने सबसे अधिक सात गोल किए, जबकि गीथाश्री नम्मी ने पांच और टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल दागे. इसके अलावा झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने भी एक-एक गोल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. भारतीय टीम की इस जीत को अंडर-18 स्तर पर सबसे बड़ी जीतों में से एक माना जा रहा है.
इस प्रतियोगिता में झारखंड से कुल छह खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. इनमें पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा शामिल हैं. राज्य की इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है.
मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह भी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. जीत के बाद उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को इसी लय को बरकरार रखते हुए फाइनल तक पहुंचना चाहिए और जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराना चाहिए.
भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा, झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य प्रतिभा के मामले में किसी से कम नहीं है. संदीपा, पुष्पा और श्रुति द्वारा गोल करना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है और हमें पूरा विश्वास है कि टीम सेमीफाइनल में भी जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचेगी. सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं.
हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं. अब देश की नजरें सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम अपने विजयी अभियान को आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरेगी.