गुरुग्राम में महिला को गोली मारी: शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर दो आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Friday, 26 Dec, 2025
Woman shot in Gurugram: Two accused arrested for rejecting marriage
हरियाणा के गुरुग्राम में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक 25 वर्षीय महिला को गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना 20 दिसंबर की सुबह एमजी रोड स्थित एक क्लब में हुई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने विवाह प्रस्ताव ठुकराने पर महिला को गोली मार दी। गोली लगने से घायल महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह शुरू में बयान देने की स्थिति में नहीं थी।
महिला के पति ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कल्पना (25) गुरुग्राम के एक क्लब में काम करती थी। दिल्ली के संगम विहार निवासी तुषार ने उसे गोली मारी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कल्पना ने 19 दिसंबर को काम पर जाने के बाद लगभग रात 1 बजे फोन करके बताया कि उसे गोली लग गई है। पति ने यह भी बताया कि लगभग एक महीने पहले तुषार उनके घर आया था और झगड़ा करके चला गया था।
इस घटना के संबंध में सेक्टर-29 पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान, अपराध इकाई की एक टीम ने संगम विहार निवासी मुख्य आरोपी तुषार उर्फ जोंटी (25) और उसके दोस्त शुभम उर्फ जोनी (24) को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तुषार ने खुलासा किया कि उसने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के कारण महिला को गोली मारी थी।