गोरखपुर को मिलेगी बड़ी सौगात, CM योगी करेंगे पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण, जानें- रूट

Gorakhpur to Receive a Major Gift

Gorakhpur to Receive a Major Gift

गोरखपुर। Gorakhpur to Receive a Major Gift: सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण अब 23 जुलाई की सुबह 10 बजे होगा। पहले लोकार्पण 22 जुलाई को होना था। मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण के बाद फ्लाईओवर सभी के लिए खोल दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री खुद लोकार्पण के बाद फ्लाईओवर होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक जाएंगे। फिर वहां से फ्लाईओवर से होते हुए वापस आकर देवरिया बाईपास फ्लाईओवर के रास्ते जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सेल्फी भी ले सकते हैं।

गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर, मजबूत रोड कनेक्टिविटी और आवागमन सुगमता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। ट्रांसपोर्टनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किमी से अधिक लंबाई वाले इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 429.49 करोड़ रुपये की लागत आई है।

कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज की तरफ सिक्सलेन फ्लाईओवर के निर्माण तथा अतिरिक्त फोरलेन द्वारा देवरिया बाईपास रोड की तरफ जोड़ने हेतु फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब मुख्यमंत्री के हाथों इसके लोकार्पण की तैयारी की जा रही है।

कई जिलों को जोड़ने का है प्रवेश द्वार

लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, वाराणसी/प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से आने वाले वाहन नौसढ़ चौराहे से होते हुए गोरखपुर शहर में प्रवेश करते हैं। नौसढ़ तिराहे से गोरखपुर शहर के अंदर का मार्ग ट्रांसपोर्टनगर, रुस्तमपुर, देवरिया बाईपास, पैडलेगंज होते हुए सिद्धार्थनगर, महराजगंज होते हुए पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल तथा देवरिया व कुशीनगर होते हुए बिहार को जाता है।

नौसढ़ तिराहे से पैडलेगंज चौराहे तक का मार्ग सिक्सलेन में परिवर्तित किया जा रहा है। नौसढ़ तिराहे के बाद पैडलेगंज तक ट्रांसपोर्टनगर, महेवा फलमंडी, रुस्तमपुर ढाला आदि के साथ ही अत्यंत घनी आबादी एवं तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण इस मार्ग पर ट्रैफिक लोड अधिक रहता है।

रुस्तमपुर चौराहे से पैडलेगंज के बीच से देवरिया एवं बिहार जाने के लिए फोरलेन बाईपास बना हुआ है। यह बाईपास भी शहर के अति महत्वपूर्ण तारामंडल, चिड़ियाघर, सहारा एस्टेट से होकर गुजरता है।

ट्रैफिक दबाव देखकर सीएम ने दिए थे सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाने के निर्देश

ट्रैफिक दबाव की इन परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सिक्सलेन फ्लाई ओवर बनाने के निर्देश दिए थे। सिक्सलेन फ्लाईओवर का निर्माण ट्रांसपोर्टनगर से शुरू होकर पैडलेगंज की तरफ किया गया है। साथ ही ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज के मध्य से होकर निकलने वाले देवरिया बाईपास पर फोरलेन फ्लाईओवर बनाया गया है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि सिक्सलेन फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू होने के बाद इस रूट पर प्रतिदिन होने वाली भारी भीड़ और जाम से अब स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को निजात मिलेगी।

सेतु निगम ने पूरा किया रोटरी का काम

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। सेतु निगम ने सिक्सलेन फ्लाईओवर के ऊपर बनाई गई तीन रोटरी का काम तकरीबन पृरा करा लिया है। इन रोटरी में बालू भरने का काम किया जा रहा है। सुरक्षित यातायात के लिए रोटरी का निर्माण किया गया है।

इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग ने फ्लाईओवर के नीचे देवरिया बाईपास और गोरखपुर-लखनऊ राजमार्ग पर सड़क को ठीक करना तेज कर दिया है। बाईपास पर नाला का निर्माण भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है। फ्लाईओवर के बचे पिलरों पर चित्रकारी भी कराई जा रही है।

  • लागत:429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये
  • कुल लंबाई: 2.658 किमी
  • कार्य प्रारंभ: फरवरी 2023
  • कार्य पूर्ण: जून 2026