असम में पुलिस के कमांडो कैंप पर ULFA(I) का हमला, चार जवान घायल

असम में पुलिस के कमांडो कैंप पर ULFA(I) का हमला, चार जवान घायल

Assam ULFA(I) Militants Attacked

Assam ULFA(I) Militants Attacked

तिनसुकिया: Assam ULFA(I) Militants Attacked: ऐसे समय में जब असम राज्य आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौर में है, उल्फा (I) गुट के उग्रवादियों ने असम-अरुणाचल सीमा के पास, असम के जगुन में स्थित एक पुलिस कमांडो कैंप पर हमला कर दिया. यह घटना शनिवार देर रात हुई. इस हमले में संदिग्ध उग्रवादियों ने पुलिस कैंप पर ग्रेनेड और आरपीजी का इस्तेमाल किया.

असम पुलिस के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की. शनिवार देर रात (लगभग 2 बजे) यह गोलीबारी 30 मिनट तक जारी रही, जिसमें असम पुलिस के 4 जवान घायल हो गए. इस बीच उल्फा (I) गुट के संदिग्ध उग्रवादी गोलीबारी के बाद जंगल की ओर भाग निकले.

घायलों को डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायल पुलिसकर्मियों की पहचान चित्तरंजन मिली, जोरहाट के देबाशीष बोरा, चाबुआ के रवि गढ़ और गोलपारा के जंबुश मारक के रूप में हुई है. ये सभी तिनसुकिया के जगुन में स्थित पुलिस कैंप में तैनात थे.

यह रिपोर्ट लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी अब खतरे से बाहर हैं. इस बीच देर रात हुए हमले की घटनाओं के बाद भारतीय सेना और पुलिस ने असम-अरुणाचल सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है.

मीडिया को भेजे गए एक पत्र में उल्फ(I) ने जगुन स्थित असम पुलिस कमांडो कैंप पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है. इस प्रतिबंधित संगठन ने मीडिया को भेजे अपने लेटरहेड में इस हमले को 'ऑपरेशन बुजोनी' नाम दिया है.