शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन, CM सुक्खू बोले- छात्रों की आवाज दबा रही केंद्र सरकार, राहुल-प्रियंका की हिरासत का किया विरोध
Congress protests in Shimla; CM Sukhu says the Central
शिमला। नीट छात्रों पर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को शिमला में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वयं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लोक भवन के बाहर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी का नेतृत्व किया। बाद में कांग्रेस की ओर से लोक भवन में ज्ञापन भी सौंपा गया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इस मामले में 20 से अधिक युवाओं ने आत्महत्या की है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे थे, लेकिन उन्हें और प्रियंका गांधी को जबरन हिरासत में ले लिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
सीएम सुक्खू ने सख्त कार्रवाई की मांग की
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मौत के लिए केंद्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की जायज मांगों के प्रति दमनकारी रवैया अपना रही है। मुख्यमंत्री ने नीट छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने वाली सोनम सहित अन्य युवाओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और उन्हें न्याय दिलाने की भी मांग की।
प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।