हजारीबाग में दर्दनाक हादसा, जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
Three Members of the Same Family Die Due to Toxic Gas
हजारीबाग। Three Members of the Same Family Die Due to Toxic Gas, कटकमदाग थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। मृतकों में चमेली देवी, उसका बेटा रवि साव और चाचा मदन साव शामिल हैं। घायल आनंद साव का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में अवैध रूप से महुआ शराब रखी जाती थी। लंबे समय तक महुआ शराब रखने के कारण टैंक में जहरीली गैस बन गई थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात सबसे पहले चमेली देवी टैंक में महुआ शराब निकालने उतरी थी। जहरीली गैस की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई।
महिला को बचाने के लिए उसका बेटा रवि साव और चाचा मदन साव टैंक में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई। वहीं तीनों को बचाने के प्रयास में आनंद साव भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अवैध महुआ शराब निर्माण और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।