चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के लिए पदोन्नति का रास्ता खुला
The path to promotion has opened
रांची। सरकारी विभागों में कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को लिपिकीय संवर्ग के पदों पर पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है।
इसको लेकर कार्मिक विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार अब निम्नवर्गीय लिपिक और कनीय सचिवालय सहायक के 15 प्रतिशत पदों को सीमित प्रतियोगिता परीक्षा से भरा जाएगा।
नियमावली में ऑनलाइन सीमित प्रतियोगिता परीक्षा, कर्मियों की पात्रता और शर्तें सभी को स्पष्ट किया गया है। सचिवालय एवं संलग्न कार्यालयों में रिक्तियों का नियमानुसार रोस्टर क्लीयरेंस कराकर अधियाचना भेजे जाने के बार कार्रवाई शुरू होगी।
दूसरी ओर, समाहरणालयों में रिक्तियों का नियमानुसार रोस्टर क्लीयरेंस कराकर आरक्षण वर्गवार रिक्तियों की सूची भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग को दिया जाएगा।
संबंधित विभाग द्वारा इसे कार्मिक विभाग के माध्यम से जेएसएससी को उपलब्ध कराया जाएगा। जेएसएससी द्वारा इस परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में होगी। प्रथम चरण लिखित परीक्षा जिसमें कुल 100 सवाल होंगे। इसमें सामान्य अध्ययन, विज्ञान, गणित, झारखंड राज्य से संबंधित ज्ञान, हिन्दी भाषा और व्याकरण, कार्यालय संचालन संबंधी ज्ञान और कंप्यूटर के मौलिक ज्ञान की जानकारी ली जाएगी।
द्वितीय चरण कौशल जांच का होगा। इसमें लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को हिन्दी टंकण परीक्षा देनी होगी।