केदारनाथ यात्रा का बदलता स्वरूप: आस्था, इतिहास और आधुनिक सुविधाओं का संगम
The changing face of Kedarnath Yatra
रुद्रप्रयाग। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने रविवार को केदारनाथ धाम की वर्ष 1882 की एक दुर्लभ तस्वीर साझा कर केदारनाथ यात्रा के पुराने स्वरूप को याद किया है।
उन्होंने कहा कि उस दौर में न सड़कें थीं, न रेल मार्ग और न ही हेलीकॉप्टर सेवा। तब यह यात्रा समय, धैर्य और अटूट आस्था की परीक्षा होती थी।
आनंद महिंद्रा ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वर्ष 1882 की यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि यह संभवतः केदारनाथ मंदिर की शुरुआती ज्ञात तस्वीरों में से एक है।
उन्होंने कहा कि इस तस्वीर से नजरें हटाना मुश्किल है, क्योंकि यह उस दौर की कठिन तीर्थयात्रा की झलक दिखाती है, जब श्रद्धालुओं के पास सुविधाएं नहीं, केवल आस्था का सहारा था।
उन्होंने कहा कि उस समय यात्रा सिर्फ मंजिल तक पहुंचने का माध्यम नहीं थी, बल्कि वही तीर्थयात्रा का असली स्वरूप थी। हर कदम श्रद्धा, धैर्य और तपस्या का प्रतीक होता था।
महिंद्रा ने माना कि आज बेहतर सड़क, परिवहन और हेलीकॉप्टर सेवाओं से यात्रा आसान हो गई है और यह सकारात्मक बदलाव है, क्योंकि इससे अधिक लोगों को बाबा केदार के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा की रफ्तार को धीमा कर उसके हर पल को महसूस करने की क्षमता को सहेजने की जरूरत है, क्योंकि यात्राएं केवल मंजिल तक पहुंचने के लिए नहीं होतीं, बल्कि रास्ते में इंसान क्या बनता है, यह भी तय करती हैं।
5 दिन में 1 लाख से ज्यादा ने किए दर्शन
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के महज पांच दिन के भीतर ही आस्था का जनसमुद्र उमड़ पड़ा है। रविवार तक एक लाख 56 हजार 913 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जिससे इस वर्ष की यात्रा की शुरुआत बेहद उत्साहजनक मानी जा रही है।
कपाट खुलने के पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर नया रिकॉर्ड कायम किया, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।
22 अप्रैल को खुले बाबा के कपाट
केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भक्त अब केदारपुरी स्थिति बाबा के धाम में दर्शन कर सकेंगे। पहले दिन हजारों श्रद्धालु इसके साक्षी बने। मंदिर में पहली पूजा पीएम नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई थी।