तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विपक्ष पर बोला हमला, खुद को बताया 'जनता का पहला सेवक'
Tamil Nadu Chief Minister C. Joseph Vijay
नई दिल्ली। Tamil Nadu Chief Minister C. Joseph Vijay, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली बड़ी जनसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
विजय ने कहा कि राज्य की राजनीति में अब मुकाबला सिर्फ TVK और DMK के बीच है और किसी तीसरी पार्टी के लिए कोई जगह नहीं बची है।
विजय ने खुद को बताया 'तमिलनाडु का सेवक'
विजय ने DMK और AIADMK पर सरकार गिराने और 'हॉर्स ट्रेडिंग' की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी सरकार जनादेश के बल पर बनी है और जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बल्कि 'पहला सेवक' बनाया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा, 'लोगों ने वर्षों तक बारी-बारी से उन्हें धोखा देने वालों को नकार दिया और मुझे काम करने का मौका दिया। मैं मुख्यमंत्री नहीं, जनता का पहला सेवक हूं।'
विजय ने DMK पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की 'परिवारवादी राजनीति' उसकी हार की बड़ी वजह बनी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।
'छह महीने की कहने वाले छह दिन भी शांत नहीं रहे'
विजय ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, 'सत्ता में आने के कुछ ही दिनों बाद विपक्ष लगातार उनकी सरकार पर हमले कर रहा है। जो लोग कहते थे कि छह महीने तक चुप रहेंगे, वे छह दिन भी शांत नहीं रह सके।'
मुख्यमंत्री विजय ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा, 'TVK सरकार सभी लोगों के लिए काम करेगी और राज्य के अधिकारों तथा धर्मनिरपेक्षता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।'
विजय ने कहा, 'हम तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा करेंगे। हमारी सरकार सभी वर्गों के लिए समान रूप से काम करेगी।'
'मैं सूट क्यों नहीं पहन सकता?'
अपने पहनावे को लेकर हो रही राजनीतिक टिप्पणियों पर भी विजय ने जवाब दिया। उन्होंने मंच से पूछा, 'मैं सूट क्यों नहीं पहन सकता?' उनके इस बयान पर सभा में मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियां बजाईं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की यह पहली बड़ी सार्वजनिक रैली थी। वे तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से चुनाव जीतने के बाद पेरंबूर सीट बरकरार रखने के लिए इस्तीफा दे चुके हैं।