Suvendu Adhikari CM Of Bengal: सुवेंदु अधिकारी बने बंगाल में BJP के पहले CM; 2020 में TMC छोड़ कर आए

सुवेंदु अधिकारी बने बंगाल में BJP के पहले CM; 2020 में TMC छोड़ कर आए, ममता बनर्जी को लगातार दूसरी बार हराया

Suvendu Adhikari oath as New CM Of Bengal Latest News

Suvendu Adhikari New CM Of Bengal: पश्चिम बंगाल को नया मुख्यमंत्री (Bengal New CM) मिल गया है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार (9 मई) को बंगाल के CM पद की शपथ ग्रहण की। कोलकाता (Kolkata) के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्यपाल आर. एन. रवि ने सुवेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुवेंदु अधिकारी बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री थीं।

Suvendu Adhikari New CM Bengal Latest

PM नरेंद्र मोदी शपथ समारोह में पहुंचे

सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के शपथ समारोह में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा समेत तमाम केंद्रीय मंत्री और बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री मौजूद रहे। मौके पर बीजेपी के कई दिग्गजों का जमावड़ा था। वहीं इस मौके पर बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। 'जय श्रीराम' और 'मोदी-मोदी' के खूब नारे लगाए गए।

सुवेंदु अधिकारी बने बंगाल में BJP के पहले CM

देश की आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में बीजेपी की यह पहली और एतिहासिक जीत हुई है। जिसके बाद सुवेंदु अधिकारी बंगाल में BJP के पहले CM बने हैं। ये रिकॉर्ड (BJP First CM Bengal) भी उनके नाम जुड़ गया है। वहीं सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल CM पद की शपथ उस दिन ली है, जब आज नोबेल पुरस्कार विजेता और राष्ट्रगान के निर्माता रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। टैगोर बंगाल से ही ताल्लुक रखते हैं और इससे बीजेपी ने एक बड़ा संदेश दिया है।

सुवेंदु अधिकारी 2020 में TMC छोड़ कर BJP में आए

ज्ञात रहे कि सुवेंदु अधिकारी साल 2020 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानि TMC छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने 17 दिसंबर 2020 को TMC की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सुवेंदु 19 दिसंबर 2020 को गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने बंगाल में लगातार धरातल पर बीजेपी को मजबूत करने का काम किया।

ममता बनर्जी को लगातार दूसरी बार हराया

बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने इस बार ममता बनर्जी को लगातार दूसरी बार हराया। इस बार के चुनाव में सुवेंदु अधिकारी बंगाल के नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीट से मैदान में थे। वहीं ममता भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं थीं। भवानीपुर ममता का गढ़ माना जाता रहा है लेकिन इस बार वह यहां से चुनाव हार गईं। सुवेंदु अधिकारी ने ममता को भवानीपुर से हराते हुए नंदीग्राम से भी जीत हासिल की। जबकि इससे पहले 2021 के चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता को नंदीग्राम से हराया था। वह ममता की पिछली सरकार के दौरान बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे।

बंगाल में बीजेपी का आक्रामक लोकप्रिय चेहरा

सुवेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी का आक्रामक लोकप्रिय चेहरा माने जाते हैं। वह जुझारू छवि के हैं और जनता से सीधा जुड़ाव रखते हैं। यही कारण है की वह बीजेपी के लिए सीएम पद की पसंद भी रहे। बता दें कि सुवेंदु अधिकारी 2016 और 2021 में नंदीग्राम से विधायक चुने गए। इसके पहले वह 2006 में कांथी दक्षिण से विधायक बने। जबकि वह 2009 से 2016 तक तमलुक से संसद सदस्य (MP) भी रहे। 2016 से 2020 के बीच उन्होंने ममता सरकार में मंत्री के रूप में अलग-अलग मंत्रालय भी संभाले।

सुवेंदु अधिकारी ने TMC क्यों छोड़ी?

सुवेंदु अधिकारी 1995 से 1998 तक कांग्रेस के सदस्य रहे। इसके बाद वह 1998 से 2020 तक तृणमूल कांग्रेस के साथ जुड़े रहे। सुवेंदु अधिकारी के TMC छोड़ने की वजह ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ उनका टकराव रहा। इसी विवाद में अधिकारी ने टीएमसी को अलविदा कह दिया और बीजेपी का दामन थाम लिया। आपको यह भी बता दें कि सुवेंदु अधिकारी तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रहे सिसिर अधिकारी के बेटे हैं। यानि अधिकारी का ताल्लुक राजनीतिक घराने से ही है।

बंगाल में 207 सीटों पर बीजेपी की जीत

बंगाल में बीजेपी की सिर्फ जीत नहीं हुई है बल्कि सुनामी आई है। बीजेपी ने 294 विधानसभा सीटों वाले बंगाल में 207 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। ममता बनर्जी के हाथों से 15 साल की सत्ता खिसक गई है। TMC को 80 सीटों पर सिमटकर संतोष करना पड़ा। सरकार बनाने के लिए पश्चिम बंगाल में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। इस बार बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न कराया गया था। दोनों ही चरणों में बंगाल के इतिहास के में रिकॉर्ड 90% से ज्यादा वोटिंग हुई। इस बंपर वोटिंग को देख बीजेपी अपने लिए फायदा पहुंचने की उम्मीद कर रही थी और इसमें अपनी जीत देख रही थी।

2021 के चुनाव में BJP को 77 सीटें मिलीं

गौरतलब है कि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC ने तीसरी बार सत्ता हासिल की थी। यानि बंगाल में 2011 से 2021, तीसरी बार लगातार ममता की सरकार बनी थी। वहीं इस चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटें जीतकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया था। बीजेपी ने एक लंबी छलांग मारी थी। क्योंकि इससे पहले 2016 के चुनाव में बीजेपी बंगाल में 3 सीटें जीत पाई थी। जबकि इससे पहले 2011 में बीजेपी 0 थी। आपको यह भी बता दें कि पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में विपक्ष के लिए 100 सीटों का आंकड़ा पार करना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है। ये सिलसिला अबकी फिर से बरकरार रहा। अब विपक्ष में TMC है।