झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन में हलचल, सीट बंटवारे पर बनी सहमति की कोशिश

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन में हलचल, सीट बंटवारे पर बनी सहमति की कोशिश

Stir within the ruling alliance in Jharkhand

Stir within the ruling alliance in Jharkhand

रांची। सत्तारूढ़ गठबंधन राज्यसभा चुनाव में मजबूती से एक साथ दिख सकता है। इसकी पहल शुरू हुई है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, पार्टी के वरिष्ठ नेता सह तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात कर न केवल राज्यसभा चुनाव गठबंधन के साथ मजबूती से लड़ने पर जोर दिया, बल्कि एक सीट की दावेदारी भी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इसपर सभी सहयोगी दलों से बात कर दो दिनों में निर्णय लेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के क्रम में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बताया कि सत्तारूढ गठबंधन राज्यसभा चुनाव मिलकर लड़े तो दोनों सीटें उसके कब्जे में होगी।

 

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के तर्क सुनने के बाद उन्हें आश्वस्त किया कि महागठबंधन के हित में ही फैसला होगा। बैठक के बाद बाहर निकले कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिया कि अंतिम फैसला नई दिल्ली में भी हो सकता है।

साथ ही सभी कुछ मुख्यमंत्री के निर्णय पर निर्भर करेगा। बताते चलें कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा दोनों सीटों का दावा कर रहा है। मोर्चा को इनमें से एक सीट पर तो जीत मिल सकती है, लेकिन दूसरी सीट कांग्रेस की मदद के बगैर जीत नहीं सकता।

एक सीट पर कर रही दावेदारी

दूसरी ओर, अब कांग्रेस भी एक सीट पर दावेदारी कर रही है और इस सीट पर झामुमो और राजद के समर्थन के बगैर जीत संभव नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपने तर्कों को रखा और जीत का फार्मूला बताया।

इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें समय पर सही निर्णय लेने की बात कहते हुए आश्वस्त किया कि जीत के फार्मूले पर ही काम होगा। इधर, पार्टी के सीनियर नेताओं ने दावा किया कि इस मामले में अंतिम निर्णय नई दिल्ली में शीघ्र ही हो सकता है।

शनिवार को कांग्रेस के दोनों सीनियर नेता नई दिल्ली लौट जाएंगे और आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इधर के. राजू ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात का उद्देश्य भाजपा को राज्यसभा चुनाव हराना है। इसपर ही मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है।