शेखपुरा को मिली बड़ी सौगात: मेडिकल कॉलेज और नई टाउनशिप की घोषणा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास योजनाओं का किया ऐलान

शेखपुरा को मिली बड़ी सौगात: मेडिकल कॉलेज और नई टाउनशिप की घोषणा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास योजनाओं का किया ऐलान

1000232427

Sheikhpura receives major gift

शेखपुरा। Sheikhpura receives major gift: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड स्थित विष्णुधाम सामस में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए।

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से भी बातचीत की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने शेखपुरा जिले के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शेखपुरा जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने संकल्प जताते हुए कहा कि अगली बार वह शेखपुरा तभी आएंगे, जब मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

Samrat Chaudhary

शेखपुरा-बरबीघा के बीच बनेगी नई टाउनशिप

सम्राट चौधरी ने जिले के शहरी विकास को गति देने के लिए शेखपुरा और बरबीघा के बीच एक नई टाउनशिप विकसित करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

श्रीबाबू को किया याद

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह पहली बार खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उस समय तारापुर विधानसभा क्षेत्र भी खड़गपुर का हिस्सा था।

सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि आज वह उसी तारापुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और श्रीबाबू के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

राबड़ी आवास विवाद पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद पर भी टिप्पणी की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने राजनीतिक शुचिता का परिचय देते हुए तत्काल सरकारी आवास खाली कर दिया था।

 

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग सरकारी आवास को अपनी बपौती समझते हैं और उसे खाली नहीं करना चाहते। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पद और सरकारी सुविधाएं स्थायी नहीं होतीं, इसका सम्मान किया जाना चाहिए।

अपराधियों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। राज्य सरकार अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों का स्थान अब समाज में नहीं, बल्कि जेल में है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।