शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में शामिल हुईं रेखा गुप्ता, बोलीं- अब बंगाल में विकास और विश्वास का दौर
- By Gaurav --
- Saturday, 09 May, 2026
Rekha Gupta Attends Suvendu
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को कोलकाता पहुंचीं, जहां उन्होंने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता, विशेषकर महिलाओं के लिए खुशी जाहिर की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की महिलाओं और आम लोगों ने अत्याचार और भ्रष्टाचार का सामना किया है, लेकिन अब राज्य में विकास और विश्वास का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल में भ्रष्टाचार और अत्याचार का अंत होगा।
शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ग्रहण से पहले पार्टी नेतृत्व और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और अमित शाह के समर्थन तथा विधायकों के विश्वास से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। भवानीपुर सीट पर उन्होंने निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया है।