विश्व पर्यावरण दिवस पर 1000 इलेक्ट्रिक वाहनों को मिली हरी झंडी, NCR में हरित परिवहन की शुरुआत
- By Gaurav --
- Saturday, 06 Jun, 2026
Rao Narbir Singh Flags
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री Rao Narbir Singh ने नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam से 1,000 ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर एनसीआर क्षेत्र में हरित परिवहन क्रांति का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि Nayab Singh Saini के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दूरदर्शी और प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने ग्रीन एमएस इंडिया तथा विंग गुरु ज्वाइंट स्टॉक कम्पनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना भी है। पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं तथा हरित प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार कर रही है। इसके तहत रेवाड़ी और पंचकूला में हरियाणा परिवहन के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशनों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम "प्रकृति से प्रेरित—जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" है, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।