बीच सड़क लड़की पर डाला हाथ; पीछे से टॉप उठाकर टच कर बाइक से निकला युवक, जयपुर का ये VIDEO हैरान करने वाला, देखें
Rajasthan Jaipur Girl Molestation on Road Viral Video
Jaipur Girl Molestation: जब सरेआम बीच सड़क ही लड़कियों से छेड़छाड़ की जाने लगे तो फिर यह समझ आता है की मनचलों के हौंसले कितने बुलंद हैं। राजस्थान के जयपुर से सामने आए एक वीडियो ने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां बीच सड़क चलते ट्रैफिक के बीच बाइक पर पीछे बैठे जा रही एक लड़की पर हाथ डाला गया। एक मनचला युवक पीछा करते हुए उसके पास आया और उसे टच करने की कोशिश की। मनचले ने पीछे से लड़की के टॉप को उठाया और टच कर बाइक से निकल गया। इस बीच लड़की उसका विरोध करते दिखी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने कार्रवाई शुरू की
वीडियो सामने आने के बाद ही जयपुर पुलिस तुरंत एक्शन में आई है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाइक पर सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जयपुर पुलिस ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया। जयपुर दक्षिण में FIR संख्या 0317 दर्ज की गई है। मामले में संबंधित धाराओं के अंतर्गत जांच एवं विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर 'रील' के चक्कर में 'रियल' कानून न भूलें। राजस्थान पुलिस की सोशल मीडिया टीम 24/7 सक्रिय है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। तकनीक और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। कानून से कोई बच नहीं सकता। रील बनाने या वायरल होने के लिए यातायात नियमों और सार्वजनिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न करें। पुलिस केवल अपराध के बाद नहीं, बल्कि अपराध रोकने और अपराधियों को त्वरित सजा दिलाने के लिए तत्पर है।
कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर बीजेपी सरकार को घेरा
इधर कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर बीजेपी सरकार को घेरा है। राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा, ''जयपुर में बाइक पर जा रही युवती के साथ दो बाइक सवार युवकों द्वारा छेड़छाड़ की घटना असमाजिक तत्वों की कुत्सित मानसिकता एवं प्रदेश में खत्म हो रहे कानून का इकबाल का उदाहरण है। गंभीर बात यह है कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बावजूद अभी तक आरोपी गिरफ़्तार नहीं किए जा सके हैं। हजारों सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क, निर्भया टीम, पुलिस पेट्रोलिंग आदि के बावजूद प्रदेश की राजधानी में बालिकाओं की ऐसी स्थिति है तो बाकी प्रदेश का अंदाजा लगाया जा सकता है।''
गहलोत ने आगे कहा, ''ऐसा लगता है कि प्रदेश को एक पूर्णकालिक गृह मंत्री की आवश्यकता है क्योंकि मुख्यमंत्री दौरों में व्यस्त रहते हैं इसलिए गृह विभाग पर उनका ध्यान नहीं है। राजस्थान पुलिस को ऐसे मामलों में गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।'' वहीं चर्चित छात्र नेता निर्मल चौधरी ने भी बयान जारी कहा कि ''राजधानी में खुलेआम मनचलों द्वारा बहन बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक है। दूर दराज से प्रदेश की राजधानी में कई उम्मीदों के साथ हमारी बहन-बेटियां पढ़ने लिखने और अपना भविष्य सँवारने के लिए आती है लेकिन ऐसे लोगों की वजह से कई परिवार अपनी बेटियों को यहाँ भेजने से कतराते हैं आख़िर कब तक सरकार की लापरवाही और ढीले रवैये से इन्हें घर में बंद रहना पड़ेगा?''