ऑडियो लीक से मचा हड़कंप: राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक पर पुलिस को धमकाने और गाली देने का आरोप, FIR दर्ज
Rajasthan Cooperation Minister Gautam Dak Accused
जयपुर। Rajasthan Cooperation Minister Gautam Dak Accused, राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक का एक कथित आडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। तीन मिनट के इस आडियो में सहकारिता मंत्री पुलिसकर्मियों को 17 बार गालियां देते व तबादला करवाने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं।
आडियो बहुप्रसारित होने के बाद राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस थाना अधिकारी शैतान सिंह ने गौतम दक सहित चार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 351 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पूरा मामला चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाने से जुड़ा है।
मंत्री गौतम दक का ऑडियो वायरल
थाना अधिकारी ने बताया कि मंत्री ने 25 मई को उन्हें दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ थाने के बाहर बुलाया और गालियां देने लगे। मंत्री ने इस दौरान तबादला करवाने की धमकी दी और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
मंत्री के इस अपमानजनक व्यवहार के कारण सभी पुलिसकर्मी मानसिक अवसाद में है। उधर दक ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि राजनीतिक रूप से मुझे बदनाम करने के लिए आडियो को कांट-छांट कर बहुप्रसारित किया गया है। मैने किसी पुलिसकर्मी को गाली नहीं दी है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, गौतम दक अपने समर्थक के घर एक मामले की जांच करने के लिए पुलिसकर्मियों के पहुंचने से नाराज थे। दक ने 25 मई को थाना अधिकारी को फोन कर दोनों पुलिसकर्मियों के साथ थाने के बाहर बुलाया।
थाना अधिकारी और दोनों पुलिसकर्मी थाने के बाहर पहुंचे तो सरकारी गाड़ी में बैठे मंत्री ने अचानक उन्हें गालियां देने शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा में बातचीत करना गलत है। चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस नेताओं ने दक के खिलाफ प्रदर्शन किया।