राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव चौपाल में सुनी समस्याएं, महिला की गुहार पर तुरंत किया तबादला
Rajasthan Chief Minister Bhajan Lal Sharma listened
उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुड़ादा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संवेदनशीलता और सख्ती दोनों का संदेश दिया। गुरुवार सुबह रात्रि विश्राम के बाद गांव भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों के साथ खाट पर बैठकर चाय पी और सीधे संवाद किया।
इस दौरान एक महिला ने अपने पति के दूरस्थ स्थान पर पदस्थ होने से परिवार को हो रही परेशानियों की जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से उसके पति का बांसवाड़ा तबादला करने के निर्देश दिए।
महिला बोली- बच्चा विकलांग, सास-ससुर बुजुर्ग
चौपाल के दौरान महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसका बच्चा विकलांग है और घर पर बुजुर्ग सास-ससुर की देखभाल की जिम्मेदारी भी उसी पर है। पति जलदाय विभाग में कार्यरत होने के कारण बाहर पदस्थ हैं, जिससे परिवार को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल ट्रांसफर के निर्देश दिए।
ग्रामीणों संग खाट पर बैठकर पी चाय
मुख्यमंत्री सुबह करीब सवा छह बजे गांव भ्रमण पर निकले और करीब दो घंटे तक ग्रामीणों के बीच रहे। उन्होंने पानी, बिजली, सड़क और सरकारी योजनाओं की स्थिति को लेकर लोगों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने एनीकट निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
बीसीएमओ एपीओ, शिक्षा अधिकारी पर भी कार्रवाई
ग्राम विकास चौपाल के दौरान ग्रामीणों और कार्मिकों ने कुशलगढ़ के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए। शिकायत को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद चिकित्सा विभाग ने डॉ. भाभोर को एपीओ कर दिया।
वहीं मुख्यमंत्री के दौरे से पहले प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी शफब अंजुम को भी एपीओ कर बीकानेर भेजने के आदेश जारी किए। उन पर रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और नियम विरुद्ध बहाली के आरोप थे।
गांव विकास के लिए कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ठुम्मठ गांव में मां-बाड़ी केंद्र निर्माण के लिए 16.20 लाख रुपए, सिंगल फेज ट्यूबवेल के लिए 20 लाख रुपए तथा चुड़ादा गांव में मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 7 लाख रुपए की स्वीकृति दी। साथ ही विद्यालय में दो नए कक्ष निर्माण और दूध संकलन केंद्र शुरू करने के निर्देश भी दिए।