हरियाणा में बारिश का कहर: यमुनानगर में 1.63 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, 3 लोगों की मौत; कई जिलों में स्कूल बंद

Rain havoc in Haryana
Rain havoc in Haryana: हरियाणा में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, पानीपत, करनाल और सोनीपत में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर सुबह 7 बजे 1 लाख 63 हजार 994 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। कुरुक्षेत्र के 8 गांवों में मारकंडा नदी का पानी सड़कों और खेतों में फैल गया है। पिहोवा के 2 गांवों में घग्गर का पानी प्रवेश कर गया है।
बारिश से हुए हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में मकान की छत गिरने से 2 सगे भाइयों की जान चली गई। इस हादसे में 4 लोग घायल भी हुए। टोहाना के समैन गांव में भी छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
स्थिति को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। झज्जर, पंचकूला, अंबाला, भिवानी के साथ हिसार के हांसी ब्लॉक के 30 स्कूल बंद हैं। यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और फतेहाबाद के कई ब्लॉक में भी स्कूल बंद हैं।
नदियों की स्थिति भी चिंताजनक है। मारकंडा नदी खतरे के निशान से 0.15 मीटर ऊपर बह रही है। पंचकूला में घग्गर नदी का जलस्तर 9000 क्यूसेक है। कैथल में घग्गर खतरे के निशान से 1 फुट नीचे है। टांगरी नदी का जलस्तर 11 हजार क्यूसेक है। अंबाला की 6 कॉलोनियों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है।